अमेठीः सड़क पुनर्निर्माण के साथ नाली निर्माण की मांग ! ककवा रोड की बदहाली से जनता परेशान, आए दिन होे रहे हादसे
February 04, 2026
अमेठी। कस्बे से ककवा जाने वाली सड़क की स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है। पुलिस लाइन से लेकर कई किलोमीटर तक सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त है। जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढों और उखड़ी हुई गिट्टियों के कारण राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन वाहन फिसलने से लोग दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं, जिससे सड़क यात्रियों के लिए खतरा बन चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग द्वारा मरम्मत के नाम पर केवल डामर और गिट्टियों का मिश्रण डालकर औपचारिकता निभा दी जाती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया जाता। परिणामस्वरूप कुछ ही दिनों में सड़क फिर से जर्जर हालत में पहुंच जाती है। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोग आवागमन करते हैं, बावजूद इसके सड़क की सुध लेने वाला कोई नहीं है। स्थानीय निवासी प्रशांत त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस लाइन के पास सड़क की हालत हमेशा से खराब बनी रहती है। इस पर किसी का ध्यान नहीं जा रहा है। आए दिन लोग चोटिल हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि आज ही करीब आधे घंटे पहले एक महिला सड़क पर गिरकर घायल हो गई। प्रशांत ने आगे कहा कि अमेठी में कांग्रेस की सीट निकलने के बावजूद क्षेत्र में कोई ठोस विकास नजर नहीं आ रहा है। वहीं बुजुर्ग राम सिंह का कहना है कि ककवा रोड अब पूरी तरह खराब हो चुकी है। सड़क पर इतने बड़े गड्ढे हैं कि राहगीरों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। इन गड्ढों की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने मांग की कि सड़क का पुनर्निर्माण कर इसे गड्ढामुक्त किया जाए। स्थानीय निवासी पवन कुमार ने बताया कि सड़क के जर्जर होने के साथ-साथ यहां पानी निकासी की भी कोई व्यवस्था नहीं है। बारिश के दिनों में सड़क पर पानी भर जाता है, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। उन्होंने मांग की कि खराब सड़क को दुरुस्त करने के साथ-साथ पानी निकासी के लिए नाली का भी निर्माण कराया जाए।
