मुसाफिरखानाः एसडीएम की चौपाल! शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश
February 04, 2026
मुसाफिरखाना/अमेठी। ग्राम पालपुर के पंचायत भवन पर उपजिलाधिकारी महोदय द्वारा चैपाल का आयोजन किया गया। चैपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं तथा राजस्व व प्रशासन से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर कानूनगो अमरनाथ पांडेय द्वारा राजस्व निरीक्षक जगदीशपुर क्षेत्र के समस्त लेखपालों एवं उनके सहयोगी कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि वे चैपाल में समय से प्रतिभाग करें तथा प्राप्त शिकायतों का शत-प्रतिशत एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उपजिलाधिकारी महोदय ने भी अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्रामीणों की भूमि, नामांतरण, पैमाइश, वरासत सहित अन्य राजस्व संबंधी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए, ताकि आमजन को बार-बार तहसील का चक्कर न लगाना पड़े। चैपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और उन्होंने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
