आगरा। खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट द्वारा श्याम फागुन महोत्सव के पावन अवसर पर भगवान खाटू श्याम जी की भव्य शोभायात्रा श्रद्धा, उल्लास और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुई। शोभायात्रा का शुभारंभ मनकामेश्वर मंदिर से हुआ, जो रावतपाड़ा, जोहरी बाजार, सुभाष नगर, दरेसी, मोतीगंज, कचहरी घाट, बेलनगंज एवं जीवनी मंडी होते हुए खाटू श्याम जी मंदिर, जीवनी मंडी, आगरा पहुँची।
यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। भजन-कीर्तन और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। नगरवासी बड़ी संख्या में शोभायात्रा में शामिल हुए और भगवान श्री खाटू श्याम जी के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। पूरे मार्ग पर श्याम भक्तों की आस्था देखते ही बन रही थी।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री एस.पी. सिंह बघेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने खाटू श्याम जी के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा सभी श्रद्धालुओं को फागुन महोत्सव की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, यात्रा संयोजक अजय अवागढ़, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, जितेंद्र चैहान, गौरव बंसल, मुरारी लाल अग्रवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष मनोज बघेल, पार्षद रवि करोतिया, बबली धाकड़, ओमप्रकाश गोला सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
शोभायात्रा के सफल आयोजन पर मंदिर ट्रस्ट ने सभी श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
