आगरा। कमिश्नरेट आगरा के पुलिस आयुक्त के निर्देशन में पुलिस लाइंस स्थित परिवार परामर्श केन्द्र में सोमवार को एक महत्वपूर्ण समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता अपर पुलिस उपायुक्त प्रोटोकॉल श्रीमती पूनम सिरोही ने की।
कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2025-26 में परिवार परामर्श केन्द्र से जुड़े काउंसलर्स द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्यों, उनकी कार्यप्रणाली एवं उपलब्धियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में टूटते परिवारों को पुनः एकजुट करने, वैवाहिक विवादों का संवेदनशील एवं संयमित समाधान निकालने तथा पारिवारिक समरसता स्थापित करने की दिशा में किए गए प्रयासों की सराहना की गई। अधिकारियों ने कहा कि परामर्शदाताओं के सतत प्रयासों से अनेक परिवारों में पुनः विश्वास, संवाद और सामंजस्य स्थापित हुआ है, जो समाज के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि है।
इस अवसर पर परिवार परामर्श केन्द्र में नामित सभी 21 परामर्शदाताओं को उनके उत्कृष्ट एवं समर्पित कार्य हेतु अपर पुलिस आयुक्त द्वारा निर्गत प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। काउंसलिंग के दौरान सर्वाधिक समझौते कराने वाले परामर्शदाताओं में डॉ. अमित गौड, श्रीमती प्रतिभा जिंदल, सैय्यद रियाज अहमद एवं डॉ. सतीश खिरवार प्रमुख रहे, जिनके प्रयासों को विशेष रूप से अनुकरणीय बताया गया।
