Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

सुल्तानपुरः बंदरों का आतंक! युवक को काटकर किया लहूलुहान, वन विभाग पर लापरवाही का आरोप


सुल्तानपुर। जनपद के अलीगंज बाजार क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा बबुरी में इन दिनों बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन ग्रामीणों पर हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ताजा मामला काल अहिरन का पुरवा का है, जहां एक युवक को बंदर ने हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया।

जानकारी के अनुसार काल अहिरन का पुरवा निवासी बब्बन यादव (32 वर्ष) पर अचानक बंदर ने हमला कर दिया। बंदर के काटने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए और खून से लथपथ हो गए। परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए स्थानीय चिकित्सक के पास पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में कई दिनों से एक आक्रामक बंदर घूम रहा है, जो महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों पर भी हमला कर चुका है। लोग खेतों और घरों से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं। बच्चों को स्कूल भेजना भी मुश्किल हो गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि इस खतरनाक बंदर की सूचना पहले ही वन विभाग को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। विभाग की लापरवाही से गांव में दहशत और आक्रोश दोनों बढ़ रहे हैं।

ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द टीम भेजकर बंदर को पकड़वाया जाए, ताकि किसी बड़ी घटना से बचा जा सके। वहीं इस घटना के बाद गांव में भय और नाराजगी का माहौल बना हुआ है। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी भी दी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |