लखनऊ । राजधानी के अटल बिहारी वाजपेयी नगर निगम डिग्री कॉलेज में चल रहे वार्षिक क्रीड़ा समारोह के दूसरे दिन मंगलवार को छात्र-छात्राओं के बीच कैरम प्रतियोगिता का रोमांच देखने को मिला। बालक और बालिका दोनों वर्गों में खिलाड़ियों ने अपनी एकाग्रता और सटीक निशानों से दर्शकों का मन मोह लिया।
कैरम प्रतियोगिता के बालक वर्ग में कुल 15 टीमों ने अपनी दावेदारी पेश की। कड़े मुकाबले के बाद मो० अल्फैज और मो० सुफियान की जोड़ी ने शानदार खेल दिखाते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, आर्यन वर्मा और आदित्य की जोड़ी दूसरे स्थान पर रही, जबकि अमन और अमान की जोड़ी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
बालिका वर्ग की प्रतियोगिता में छात्रों से बढ़कर उत्साह देखने को मिला, जहाँ कुल 17 टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में गरिमा विश्वकर्मा और संजना यादव की जोड़ी ने बाजी मारते हुए प्रथम स्थान झटका। अंजलि यादव और सोनी कुमारी की जोड़ी को द्वितीय स्थान से संतोष करना पड़ा, जबकि सिमरन और पूजा देवी की जोड़ी तीसरे स्थान पर रही।
कॉलेज परिसर में वार्षिक खेलों के आयोजन से उत्सव जैसा माहौल है। कॉलेज प्रशासन ने बताया कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का उद्देश्य छात्रों के मानसिक विकास और खेल भावना को बढ़ावा देना है। आगामी दिनों में अन्य खेल स्पर्धाओं का भी आयोजन किया जाएगा।
.jpg)