बीसलपुरः संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग, हजारों का सामान राख! परिवार ईंट भट्ठे पर मजदूरी कर रहा था, घर में नहीं था कोई सदस्य
February 22, 2026
बीसलपुर। कोतवाली क्षेत्र के गांव न्यूरानपुर में शनिवार दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में एक कच्चे मकान में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा बिस्तर, बर्तन, अनाज और कपड़े सहित हजारों रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य ईंट भट्ठे पर मजदूरी करने गए हुए थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।जानकारी के अनुसार गांव निवासी दलित वेदपाल अपनी पत्नी हीरा कली के साथ एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करते हैं। दोपहर के समय उनके घर में अचानक आग लग गई। आसपास के ग्रामीणों ने धुआं उठता देखा तो मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर का अधिकांश सामान जल चुका था।सूचना मिलते ही वेदपाल और उनकी पत्नी घर पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर स्तब्ध रह गए। गृहस्वामी की पत्नी हीरा कली ने बताया कि घटना के समय परिवार का कोई भी सदस्य घर पर मौजूद नहीं था। आग कैसे लगी, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। उन्होंने बताया कि घर में रखा सारा सामान पूरी तरह नष्ट हो गया है, जिससे परिवार के सामने रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है।घटना की सूचना राजस्व विभाग को दे दी गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है।
