संग्रामपुर: आशुतोष द्विवेदी ने जेईई मेन्स में लहराया परचम
February 17, 2026
संग्रामपुर/अमेठी। कहा जाता है कि यदि संकल्प अडिग हो और परिश्रम में निरंतरता हो, तो सफलता के शिखर को छूना सरल हो जाता है। अमेठी जनपद के भेटुआ विकास खंड अंतर्गत ग्राम पूरे कंधई (सरुवांवा) के मेधावी छात्र आशुतोष द्विवेदी ने देश की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई मेन्स में 98.35 परसेंटाइल अंक अर्जित कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इस शानदार उपलब्धि से न केवल उनके पैतृक गांव, बल्कि पूरे क्षेत्र में हर्षोल्लास का वातावरण है। आशुतोष ने कहा यह परिणाम मेरे माता-पिता के अटूट आशीर्वाद और शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन की परिणति है। मेरा मानना है कि अनुशासित अध्ययन और समय का सटीक प्रबंधन ही किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता की कुंजी है। आशुतोष के पिता, श्री संतोष द्विवेदी, महर्षि दयानंद इंटर कॉलेज (लौहर पश्चिम) में शारीरिक शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं और उन्होंने सदैव अपने पुत्र को अनुशासन की शिक्षा दी। वहीं उनकी माता, श्रीमती नीलम द्विवेदी, जो एक कुशल गृहिणी हैं, आशुतोष की इस यात्रा में उनकी सबसे बड़ी संबल रहीं। वर्तमान में, आशुतोष ने अपनी इस सफलता को अंतिम पड़ाव न मानते हुए आगामी जेईई एडवांस की कठिन परीक्षा के लिए स्वयं को पूरी तरह समर्पित कर दिया है। क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और शिक्षाविदों ने आशुतोष के उज्ज्वल एवं स्वर्णिम भविष्य की मंगलकामना की है। ग्रामीण अंचलों से जब ऐसी प्रतिभाएं निकलती हैं, तो वे समाज के अन्य युवाओं के लिए श्रोल मॉडलश् स्थापित करती हैं। आशुतोष की उपलब्धि यह सिद्ध करती है कि संसाधन चाहे सीमित हों, यदि ध्येय स्पष्ट हो तो सफलता सुनिश्चित है।
