अमेठीः चोरो मे मचाया तांडव! पुलिस पर लापरवाही का आरोप
February 24, 2026
अमेठी। जिले के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बिराहिमपुर गांव में तीन दिन पूर्व शिक्षिका के घर हुई बड़ी चोरी के मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने में देरी की और दी गई तहरीर में चोरी हुए सामान का पूरा विवरण शामिल नहीं किया। जानकारी के अनुसार बिराहिमपुर निवासी सावित्री देवी, जो सराय खेमा में शिक्षिका हैं, उनके घर 20 और 21 फरवरी की मध्यरात्रि अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर अलमारी और सूटकेस में रखे सोने-चांदी के जेवर व अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना के समय घर में केवल महिलाएं और बीमार बुजुर्ग मौजूद थे। पीड़िता के पति लकवा से पीड़ित बताए जाते हैं, जबकि उनके दोनों दामाद देश सेवा मेंकृएक बीएसएफ और एक सेना में तैनात हैं। पीड़िता सावित्री देवी का आरोप है कि पुलिस ने तीन दिन तक दौड़ाने के बाद मुकदमा तो दर्ज किया, लेकिन उसमें चोरी गए पूरे सामान का विवरण नहीं लिखा गया। उन्होंने बताया कि चोरी में तीन जोड़ी सोने की झुमकी, दो सोने की चेन, चार अंगूठी, एक मंगलसूत्र, दो माथा टीका, चांदी के दो ब्रेसलेट, दो पायल, एक पायजेब, एक जोड़ा हाथफूल, हाफ करधन तथा बच्चों का कमरबंद शामिल है। पीड़िता की बेटी आरती ने भी पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि रिपोर्ट में सामान की मात्रा कम दर्शाई गई है, जिससे मामले की गंभीरता कम हो सके। परिवार ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उन्हें मजबूरन अपने परिवार के पुरुष सदस्यों को ड्यूटी छोड़कर घर बुलाना पड़ सकता है। परिजनों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर चोरी का खुलासा करने और सामान बरामद कराने की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में क्या ठोस कार्रवाई करती है और पीड़ित परिवार को न्याय कब तक मिल पाता है।
.jpg)