अमेठी: बीएलओ विवाद में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन! कांग्रेस फिर रच रही लोकतंत्र से खिलवाड़ की साजिश -सुधांशु शुक्ला
February 06, 2026
संग्रामपुर/अमेठी। अमेठी के संग्रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ठेंगहा बूथ पर बीएलओ पति और भाजपा समर्थकों के बीच हुए विवाद ने अब वृहद राजनीतिक रूप ले लिया है। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव द्वारा इस प्रकरण को सोशल मीडिया पर उठाए जाने के बाद भाजपा ने पलटवार किया है। शुक्रवार को भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों के एक बड़े प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी (डीएम) को ज्ञापन सौंपा और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की मांग की। विदित हो कि तीन दिन पूर्व ठेंगहा बूथ पर मतदाता पुनरीक्षण कार्य के दौरान विवाद हुआ था। बीएलओ के पति ने उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर भाजपा जिलाध्यक्ष पर अभद्रता और मोबाइल छीनने का गंभीर आरोप लगाया था। हालांकि, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे विपक्ष का सुनियोजित प्रोपेगेंडा करार दिया है। भाजपा जिला अध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने कहा कि जिस समय की घटना बताई जा रही है, उस समय भाजपा का कोई भी सक्रिय कार्यकर्ता वहां मौजूद नहीं था। भाजपा का तर्क है कि शिकायतकर्ता स्वयं स्वीकार कर चुका है कि जिलाध्यक्ष मौके पर नहीं थे, फिर भी राजनीतिक द्वेषवश उनका नाम घसीटा जा रहा है। डीएम को ज्ञापन सौंपने के पश्चात मीडिया से मुखातिब होते हुए जिलाध्यक्ष ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भाजपा कार्यकर्ता मतदाताओं से प्रारूप 6 भरवा रहे थे, तब कांग्रेस के जिला सचिव ने न केवल कार्य में बाधा डाली, बल्कि मतदाताओं को डराया-धमकाया भी। भाजपा जिला अध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने कांग्रेस पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि “अमेठी में कांग्रेस का इतिहास लोकतंत्र को कुचलने, बूथ कैप्चरिंग कराने और फर्जी मतदान के सहारे चुनाव जीतने का रहा है। कांग्रेस को जनता पर भरोसा नहीं, इसलिए वह हर चुनाव में वोट चोरी का रास्ता अपनाती है।” उन्होंने कहा कि अमेठी की जनता यह नहीं भूली है कि 2014 के लोकसभा चुनाव में जगदीशपुर विधानसभा के ग्राम थौरी और गौरीगंज विधानसभा के गुर्जर टोला में जबरन फर्जी मतदान कराकर चुनाव को प्रभावित किया गया था। आज वही कांग्रेस एक बार फिर मतदाता सूची में हेराफेरी कर लोकतंत्र की जड़ों पर प्रहार कर रही है। सुधांशु शुक्ला ने आरोप लगाया कि वर्तमान में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में कांग्रेस सुनियोजित साजिश के तहत फर्जी नाम जुड़वा रही है और भाजपा समर्थक, दलित, पिछड़ा एवं सामान्य वर्ग के वास्तविक मतदाताओं के नाम कटवाने का षड्यंत्र रच रही है। उन्होंने 4 फरवरी 2026 की घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि ग्राम ठेंगहा, तहसील अमेठी, बूथ संख्या 207 व 208 पर पुनरीक्षण अभियान के दौरान कांग्रेस पार्टी के जिला सचिव राकेश कुमार मौर्य एवं उनकी पत्नी (जो किसी अन्य बूथ की ठस्व् हैं) ने कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने, फॉर्म भरने से रोकने और माहौल खराब करने की कोशिश की। विरोध होने पर वे वहां से भाग खड़े हुए। इसके बाद कांग्रेस जिला सचिव द्वारा भाजपा जिला अध्यक्ष को बदनाम करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की नीयत से एक पूरी तरह मनगढ़ंत, झूठा और दुर्भावनापूर्ण प्रार्थना पत्र उप जिलाधिकारी अमेठी को दिया गया, जो यह साबित करता है कि कांग्रेस अब प्रशासन को गुमराह कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करना चाहती है।
