सुल्तानपुर । जनपद सुल्तानपुर के अखंड नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक अज्ञात चारपहिया वाहन की टक्कर से बाइक सवार राजबहादुर पाण्डेय (45) की मौत हो गई। राजबहादुर अपने गांव जाफरपुर थे, तभी यह हादसा हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, राजबहादुर अपनी मोटरसाइकिल से घर की ओर जा रहे थे। नवयुग पीजी कॉलेज बारी सहिजन के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात चारपहिया वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राजबहादुर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर इमरजेंसी एम्बुलेंस सेवा मौके पर पहुंची। घायल राजबहादुर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखंड नगर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। स्वर्गीय बब्बन पाण्डेय के पुत्र राजबहादुर पाण्डेय के निधन से परिवार में शोक का माहौल है।
अखंड नगर थाना प्रभारी संत कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फरार वाहन की तलाश कर रही है।
