आगरा। ऐतिहासिक आगरा किला परिसर में छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं जयंती के उपलक्ष्य में भव्य उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से आए गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह में हरिभाऊ बागड़े (राज्यपाल, राजस्थान), देवेंद्र फडणवीस (मुख्यमंत्री, महाराष्ट्र), सी.आर. पाटिल (केंद्रीय जल शक्ति मंत्री), योगेंद्र उपाध्याय (उच्च शिक्षा मंत्री, उत्तर प्रदेश), नवीन जैन (राज्यसभा सांसद), आशीष शेलार (संस्कृति मंत्री, महाराष्ट्र) तथा रामकेश निषाद (राज्य मंत्री, जल शक्ति विभाग, उत्तर प्रदेश) सहित अन्य विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
माननीय राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के खेरिया एयरपोर्ट आगमन पर उनका भव्य स्वागत किया गया। आगरा किला पहुंचने पर अतिथियों ने छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
यह आयोजन महाराष्ट्र की संस्था अजिंक्य देवगिरी प्रतिष्ठान द्वारा चैथी बार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन और पराक्रम को दर्शाते भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। शिवाजी जन्म की पारंपरिक लोरी, महाराष्ट्र का राज्य गीत “गरजा महाराष्ट्र माझा” तथा शिव छत्रपति का पोवाड़ा और नाटिका ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
विशेष आकर्षण के रूप में ‘इंडियाज गॉट टैलेंट’ के प्रतिभागी पुणे के विवेक पाटिल ने आधुनिक तकनीक के माध्यम से नियोन लाइट और लेजर शो द्वारा शिवाजी महाराज की गौरवगाथा प्रस्तुत की, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। वहीं लोकप्रिय मराठी शो चला हवा येऊ द्या की प्रसिद्ध कलाकार श्रेया बुगड़े ने अपने प्रभावशाली मंच संचालन से कार्यक्रम में जीवंतता भर दी।
समारोह में बड़ी संख्या में नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम राष्ट्रनायक छत्रपति शिवाजी महाराज के अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और संगठन शक्ति के संदेश के साथ संपन्न हुआ।
