अमेठीः प्रभारी मंत्री ने की अधिकारियों के साथ बैठक! जन समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार करें अधिकारी- सतीश चंद्र शर्मा
February 26, 2026
अमेठी। राज्यमंत्री खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति विभाग उत्तर प्रदेश शासन जनपद प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने कल विकास भवन सभागार में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ शासन के विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों एवं कानून व्यवस्था को लेकर समीक्षा किया एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में राज्य मंत्री संसदीय कार्य चिकित्सा शिक्षा चिकित्सा स्वास्थ्य परिवार कल्याण तथा मातृ एवं शिशु कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश मयंकेश्वर शरण सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि, सदस्य विधान परिषद शैलेन्द्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी संजय चैहान, पुलिस अधीक्षक सरवणन टी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अर्पित गुप्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में प्रभारी मंत्री ने शासन द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति में सुधार लाने एवं पात्र लोगों को योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने हत्या के मामलों में अभियुक्तों की गिरफ्तारी, लूट के मामलों में गिरफ्तारी, महिला उत्पीड़न, बलात्कार, अपहरण, पास्को एक्ट, गुंडा एक्ट, अनुसूचित जनजाति उत्पीड़न, लंबित विवेचना, गैंगस्टर, रासुका सहित अन्य बिंदुओं पर समीक्षा किया एवं पुलिस विभाग को आवश्यक निर्देश दिए। अंत में मा. प्रभारी मंत्री जी ने बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी अधिकारी शासन की योजनाओं का प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वयन करें। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे या सभी अधिकारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच संवाद और समन्वय बेहतर रहे, किसी भी परियोजना का शिलान्यास, लोकार्पण मा. जनप्रतिनिधियों से कराएं, योजनाओं के प्रस्ताव भी जनप्रतिनिधियों से प्राप्त किया जाए तथा प्राप्त प्रस्तावों के जवाब भी जनप्रतिनिधियों को समय से दिया जाए। उन्होंने कहा किजो भी निर्देश दिए गए हैं उनका अनुपालन सुनिश्चित करें, जन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करें सरकार पूरी ईमानदारी से कार्य कर रही है हम सब लोग भी पूरी ईमानदारी व निष्ठा से कार्य करें और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं। बैठक में जिलाधिकारी ने मा. प्रभारी मंत्री जी को आश्वस्त करते हुए कहा कि आपके द्वारा जो भी निर्देश दिए गए हैं उनका संबंधित अधिकारियों से अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
