घर पर बनाएं नींबू का चटपटा-चटकारेदार अचार, फटाफट नोट करें रेसिपी
February 24, 2026
भारतीय खाने में अचार की एक खास जगह है। अचार की बिना खाना अधूरा लगता है। पराठे हो या फिर चावल दाल अचार इसमें तड़का लगाने का काम करता है। गर्मियां शुरू हो रही है, ऐसे में इस मौसम में घरों में अलग अलग तरह के अचार बनाए जाएंगे। इनमें नींबू का अचार खूब बनाया और खाया जाएगा। नींबू का अचार खट्टे मिठे स्वाद से भरा होता है और पाचन क्रिया को तंदुरुस्त रखने में भी सहायक होता है। अगर आप भी नींबू का चटपटा अचार बनाना चाहते हैं तो यहां से आसान सी रेसिपी नोट कर सकते हैं।
सामग्री
नींबू: 500 ग्राम (पतले छिलके वाले, रसीले)
नमक: 50 ग्राम (लगभग 4 बड़े चम्मच)
काला नमक: 1 बड़ा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर: 2 बड़े चम्मच (तीखापन आप अपने हिसाब से रख सकते हैं)
हल्दी पाउडर: 1 छोटा चम्मच
अजवाइन: 1 बड़ा चम्मच (हथेलियों से रगड़कर)
भुना हुआ जीरा पाउडर: 1 बड़ा चम्मच
हींग: आधा छोटा चम्मच
बनाने की विधि
नींबू की तैयारी: सबसे पहले नींबू को अच्छी तरह धोकर सुखा लें। ध्यान रहे, नींबू पर बिल्कुल भी नमी नहीं होनी चाहिए, वरना अचार खराब हो सकता है।
काटना: एक नींबू के 4 या 8 टुकड़े कर लें। अगर आप चाहें तो रस को अंदर ही रहने दें या थोड़े से नींबू का रस अलग से निचोड़कर ऊपर से डाल सकते हैं।
मसाले मिलाना: एक बड़े सूखे बर्तन में नींबू के टुकड़े डालें। अब इसमें नमक, काला नमक, हल्दी, लाल मिर्च, अजवाइन, जीरा पाउडर और हींग डालें।
मिक्स करना: चम्मच की मदद से इसे अच्छे से मिलाएं ताकि हर टुकड़े पर मसाला लग जाए। अगर आप खट्टा-मीठा अचार चाहते हैं, तो इसी समय चीनी या गुड़ मिला दें।
धूप दिखाना: अचार को एक कांच के सूखे जार में भरें। इसे 4-5 दिनों तक धूप में रखें और दिन में एक बार जार को हिला दें।
