अमेठीः टाइफाइड व मलेरिया की जाँच सुविधा उपलब्ध
February 11, 2026
अमेठी। जनपद अमेठी के ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट में आमजन के लिए टाइफाइड (टाइफॉइड) बुखार और मलेरिया की जाँच की सुविधा उपलब्ध है। बदलते मौसम के कारण बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है, ऐसे में स्वास्थ्य विभाग द्वारा जाँच की व्यवस्था राहत देने वाली है। ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट में मलेरिया की जाँच रैपिड कार्ड टेस्ट व ब्लड स्लाइड के माध्यम से की जा रही है, जबकि टाइफाइड की जाँच विडाल टेस्ट द्वारा की जाती है। चिकित्सकों के अनुसार, लगातार बुखार, ठंड लगना, सिरदर्द, कमजोरी या उल्टी जैसी शिकायत होने पर तुरंत जाँच कराना आवश्यक है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे झोलाछाप या निजी लैब पर अनावश्यक खर्च करने के बजाय सरकारी स्वास्थ्य इकाइयों में समय पर जाँच कराएँ, जिससे सही इलाज मिल सके। कई मामलों में जाँच निःशुल्क भी की जा रही है।
