Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

बीसलपुरः फॉर्म-7 के कथित दुरुपयोग के विरोध में आजाद समाज पार्टी का तहसील परिसर में प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच की उठाई मांग


बीसलपुर। मतदाता सूची पुनरीक्षण-2026 के दौरान फॉर्म-7 के कथित दुरुपयोग को लेकर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने कड़ा रुख अपनाया है। इसी क्रम में पार्टी के प्रदेश सचिव नईम रजा के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता तहसील परिसर बीसलपुर पहुंचे, जहां धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद की गई। प्रदर्शन के बाद तहसीलदार के माध्यम से जिला निर्वाचन अधिकारी पीलीभीत को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि फॉर्म-7 का प्रयोग कर बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली से हटाने की साजिश की जा रही है, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर गंभीर प्रश्न खड़े हो रहे हैं। पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, जिनमें बिना समुचित सत्यापन के मतदाताओं के नाम काटने के प्रयास किए जा रहे हैं। आरोप यह भी लगाया गया कि कई मामलों में संबंधित मतदाता या उनके परिजनों को पूर्व सूचना तक नहीं दी जा रही, जो निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का स्पष्ट उल्लंघन है।

ज्ञापन में भारतीय संविधान के अनुच्छेद 326, जनप्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की प्रासंगिक धाराओं तथा भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं का हवाला देते हुए मांग की गई कि फॉर्म-7 के माध्यम से दर्ज सभी आपत्तियों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, बिना सत्यापन किसी भी मतदाता का नाम न हटाया जाए, बीएलओ एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को दबाव-मुक्त होकर कार्य करने के निर्देश दिए जाएं तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों या पक्षों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाए। इस मौके पर प्रदेश सचिव नईम रजा ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की नींव होती है और इसमें किसी भी प्रकार की अनियमितता लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने प्रशासन से अपेक्षा जताई कि इस मामले में त्वरित हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी नागरिक के संवैधानिक अधिकारों का हनन न हो। धरना-प्रदर्शन में एडवोकेट राजाराम माथुर, जिला अध्यक्ष सौरभ भारतीय, जिला संयोजक सुभाष गंगवार, तहसील संयोजक हरीश गंगवार, जिला सहसंयोजक शब्बू अहमद, नगर अध्यक्ष आशिक अली, नगर संयोजक मैशाद अली, सोमपाल, परदेसी, मोहम्मद जफर अंसारी, सोहेल अख्तर, जैनुल हसन, अफसर अली, मुकेश गौतम, आसिफ खान, पप्पू अंसारी, मोहम्मद अखलाक अंसारी, फहीमुद्दीन, मोहम्मद असलम सहित सैकड़ों आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) एवं भीम आर्मी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |