Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

उन्नाव: अज्ञात महिला का शव नाले में मिला


उन्नाव। जिले के बांगरमऊ में सोमवार रात एक अज्ञात महिला का शव नाले में मिला। ब्लॉक रोड स्थित शांति मील मैदान के पास हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शव लगभग चार दिन पुराना लग रहा था। नाले से आ रही तेज दुर्गंध के कारण राहगीरों को शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने नाले में झांककर देखा तो महिला का शव पड़ा मिला। तत्काल स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती शव को नाले से बाहर निकालना था, क्योंकि नाला काफी गहरा और गंदगी से भरा हुआ था। शव निकालने की प्रक्रिया के दौरान काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। नगर पालिका के कर्मचारियों को बुलाया गया, लेकिन उनके पहुंचने में देरी हो रही थी।

इस दौरान घटनास्थल पर मौजूद कई लोग मोबाइल से वीडियो बनाते रहे और तमाशबीन बने खड़े रहे। यहां तक कि मौके पर मौजूद कुछ पुलिसकर्मी भी शव निकालने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चैकी प्रभारी न्यूटन सिंह ने मानवता की मिसाल पेश की। उन्होंने बिना किसी हिचकिचाहट के अपने कपड़े उतारे और स्वयं नाले में उतर गए।

दरोगा न्यूटन सिंह ने अकेले ही काफी मशक्कत के बाद महिला के शव को सुरक्षित बाहर निकाला। उनके इस साहसिक और संवेदनशील कदम से वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। शव बाहर निकलते ही पुलिस ने पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस का कहना है कि महिला की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का सही खुलासा हो सकेगा। आसपास के थानों को भी सूचना दे दी गई है, ताकि किसी गुमशुदगी की रिपोर्ट से शव की पहचान हो सके।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |