Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

आस्था के नाम पर अपराध! बुरी आत्मा भगाने का झांसा देकर लूट लिए 70 पाउंड के गहने


तमिलनाडु के कोडुंगैयूर इलाके में एक नकली पुजारी ने बुरी आत्माओं को भगाने के बहाने 70 पाउंड सोने के गहने ठगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. इस घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है. पुलिस ने इस मामले में आरोपी श्री दीपदर्शन को गिरफ्तार कर उसके पास से 63 पाउंड सोने के गहने बरामद किए हैं, जबकि उसकी सहयोगी जयश्री अभी फरार है.

यह मामला तब सामने आया जब इलाके के रहने वाले 67 साल के व्यवसायी बुजंगाराम ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उनके घर के लॉकर से 70 पाउंड सोने के गहने गायब हो गए हैं. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. जब पुलिस ने उनके घर की तलाशी ली तो कहीं भी जबरन घुसपैठ या चोरी के कोई निशान नहीं मिले. इसके बाद पुलिस ने आशंका जताई कि इस घटना में परिवार के किसी परिचित व्यक्ति की भूमिका हो सकती है.

जांच के दौरान बुजंगाराम की 29 साल की बेटी ऐश्वर्या से पूछताछ की गई. उसकी जानकारी से पुलिस को अहम सुराग मिला. ऐश्वर्या ने बताया कि उसकी एक करीबी दोस्त जयश्री के माध्यम से उसकी पहचान श्री दीपदर्शन नाम के युवक से हुई थी. दीपदर्शन ने खुद को पूजा-पाठ करने वाला व्यक्ति बताया और ऐश्वर्या को यह कहकर डराया कि उनके घर में बुरी आत्माओं का साया है.

आरोप है कि दीपदर्शन ने ऐश्वर्या को भरोसे में लेकर कहा कि बुरी शक्तियों को दूर करने के लिए विशेष पूजा करनी होगी और इसके लिए सोने के गहनों की जरूरत पड़ेगी. पिछले तीन महीनों में वह धीरे-धीरे घर से गहने लेकर पूजा के नाम पर अपने पास जमा करता रहा. इसी तरह घर में रखे 70 पाउंड सोने के गहने उसके हाथ लग गए.

पुलिस ने तकनीकी जांच और पूछताछ के बाद आरोपी श्री दीपदर्शन को अरुंबक्कम इलाके से गिरफ्तार किया. उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है. उसके पास से 63 पाउंड सोने के गहने बरामद किए गए हैं. पुलिस ने बताया कि उसकी सहयोगी जयश्री फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हाल के दिनों में इस तरह के मामलों में तेजी आई है, जहां नकली बाबा या पुजारी मानसिक तनाव में चल रहे लोगों को बुरी आत्मा, पूजा-पाठ और ज्योतिष के नाम पर ठग रहे हैं. सोशल मीडिया पर भी कई लोगों ने चिंता जताई है कि भोले-भाले लोग आध्यात्मिक बातों में आकर अपनी जमा-पूंजी और गहने गंवा रहे हैं.

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |