Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

बाराबंकी: 4 जोन 8 सेक्टर में बंटा मेला क्षेत्र, ड्रोन और सीसीटीवी से हर पल निगरानी


रामनगर/बाराबंकी । महाशिवरात्रि के  अवसर पर लोधेश्वर महादेवा में लगने वाले ऐतिहासिक फाल्गुनी मेले को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। श्रद्धालुओं की अपार भीड़ और सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए मेला क्षेत्र को 4 जोन और 8 सेक्टर में विभाजित कर दिया गया है। शनिवार को पूरे क्षेत्र में कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में रहा।प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार मेले की सुरक्षा में सात क्षेत्राधिकारी, 11 प्रभारी निरीक्षक, 30 इंस्पेक्टर, 133 उप निरीक्षक, सात महिला उप निरीक्षक, 485 कांस्टेबल, 100 महिला कांस्टेबल और 115 होमगार्ड तैनात किए गए हैं। वहीं यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए 7 ट्रैफिक उप निरीक्षक और 70 ट्रैफिक सिपाहियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है।मेला परिसर और मंदिर क्षेत्र की निगरानी के लिए सौ से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। अत्यधिक भीड़ वाले स्थानों पर ड्रोन कैमरों से आसमान से भी नजर रखी जा रही है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए एंटी सबोटाज टीम और बम निरोधक दस्ता भी सक्रिय है। मेले के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर 12 बैरियर लगाकर सघन चेकिंग की जा रही है।प्रशासनिक नियंत्रण को मजबूत बनाए रखने के लिए प्रत्येक जोन में जोनल मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। पार्किंग के लिए अलग-अलग स्थान चिन्हित कर छोटे और बड़े वाहनों की पृथक व्यवस्था की गई है। बहोनिया तालाब और अमृत सरोवर क्षेत्र में पीएसी के गोताखोर मोटरबोट के साथ तैनात हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत मिल सके।शनिवार को दूर-दराज से पहुंचे कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ लोधेश्वर धाम में उमड़ी। श्रद्धालुओं ने भगवान लोधेश्वर महादेव का विधि-विधान से जलाभिषेक कर मनोकामनाएं मांगी।पुलिस अधीक्षक  अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों के जरिए की जा रही है। जनपद की सीमाओं से लेकर रामनगर स्थित लोधेश्वर धाम तक पुलिस बल की व्यापक तैनाती की गई है। उन्होंने श्रद्धालुओं से शांति, संयम और सहयोग बनाए रखने की अपील की, ताकि फाल्गुनी मेला सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |