Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

अमेठीः मुसाफिरखना पुलिस व एसओजी टीम का खुलासा! दो अपहरणकर्ता गिरफ्तार, 4 लाख 50 हजार रुपये बरामद


मुसाफिरखाना/अमेठी। जनपद के मुसाफिरखाना थाना क्षेत्र में घटित सनसनीखेज अपहरण कांड का अमेठी पुलिस ने आधिकारिक रूप से पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने बस्ती जिले के दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से फिरौती की आधी से अधिक रकम, अवैध असलहे और घटना में प्रयुक्त लग्जरी कार बरामद की है। एसपी सरवणन टी ने इस सफल अनावरण के लिए पुलिस टीम को 15 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है। घटनाक्रम के अनुसार, बीते मंगलवार को मुसाफिरखाना थानांतर्गत भीखीपुर निवासी कबाड़ व्यवसायी रमन अग्रहरी अपने बच्चों को स्कूल छोड़कर बोलेरो से घर लौट रहे थे। नेशनल हाईवे स्थित धरौली मोड़ के समीप घात लगाए बैठे बदमाशों ने उनकी बोलेरो समेत उनका अपहरण कर लिया। बदमाशों ने पीड़ित के परिजनों को आतंकित कर विभिन्न किश्तों में 8 लाख रुपये की फिरौती वसूली और देर रात व्यवसायी को मुक्त किया। यद्यपि पुलिस ने प्रारंभिक जांच में मामले को संदिग्ध माना था, किंतु गहन विवेचना के उपरांत पांच दिन पूर्व अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था। मुखबिर की सटीक सूचना पर स्थानीय पुलिस ने देर रात घेराबंदी कर एक स्विफ्ट डिजायर कार को रोका। तलाशी के दौरान कार सवार दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया, जिन्होंने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अनुज प्रताप सिंह उर्फ मुरारी सिंह और घनश्याम पांडेय (दोनों निवासी जनपद बस्ती) के रूप में हुई है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से विधिक साक्ष्यों के रूप में नकद धनराशि 4 लाख 50 हजार रुपए, 01 देशी तमंचा 12 बोर एवं 01 जिंदा कारतूस , सफेद स्विफ्ट डिजायर कार , 03 मोबाइल फोन,अभियुक्तों के आधार कार्ड एवं पैन कार्ड अपने कब्जे में लिया। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने कहा कि  कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। इस वारदात में शामिल तीन अन्य अभियुक्त अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |