Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

सुलतानपुरः थाना चांदा का वार्षिक निरीक्षण! पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने दिए आवश्यक निर्देश


सुलतानपुर।जनपद सुलतानपुर में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्रीमती चारू निगम द्वारा थाना चांदा का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, थाना कार्यालय के अभिलेख, मेस, हवालात, रिसेप्शन कक्ष तथा थाना परिसर का गहन निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने महिला हेल्प डेस्क पर पहुंचकर पीड़ित महिलाओं की शिकायतों के त्वरित निस्तारण की प्रक्रिया एवं फीडबैक व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने “मिशन शक्ति” अभियान के अंतर्गत महिलाओं को अधिक से अधिक जागरूक करने तथा उनकी शिकायतों पर निष्पक्ष, संवेदनशील एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही उन्होंने थाना क्षेत्र के टॉप-10 अपराधियों एवं हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए शराब, खनन एवं भू-माफियाओं के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए। अपराध रजिस्टर एवं त्योहार रजिस्टर का अवलोकन कर अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा थाना परिसर में खड़े लावारिस वाहनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने पुलिस मेस का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया और मेस प्रबंधक को पुलिस कर्मियों के लिए पौष्टिक एवं उच्च गुणवत्ता वाला भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर में स्वच्छता, आगंतुकों के लिए स्वच्छ पेयजल एवं प्रसाधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ परिसर में वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान चलाने हेतु क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी को निर्देशित किया।

इस निरीक्षण का उद्देश्य थाना स्तर पर पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाना है, जिससे आमजन को त्वरित एवं बेहतर पुलिस सेवा प्रदान की जा सके।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |