Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

प्रतापगढः जिले में स्ट्रॉबेरी की दस्तक, सरखेलपुर के किसान मो० नईम ने रचा इतिहास! 0.40 हेक्टेयर में 25 हजार पौधों से प्रतिदिन 60 किलो उत्पादन, प्रयागराज प्रदर्शनी में दो श्रेणियों में प्रथम स्थान


प्रतापगढ़। जिले के विकास खण्ड बाबा बेलखरनाथ धाम के ग्राम सरखेलपुर के प्रगतिशील कृषक मो० नईम उर्फ पप्पू “मैंगो वाले” ने परंपरागत खेती से हटकर स्ट्रॉबेरी उत्पादन की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाते हुए जिले में नई कृषि क्रांति की शुरुआत की है। आम के व्यवसाय से जुड़े रहे नईम ने उद्यान विभाग के सहयोग से पहली बार व्यावसायिक स्तर पर स्ट्रॉबेरी की खेती की और अल्प समय में उल्लेखनीय सफलता अर्जित कर चर्चा का विषय बन गए हैं। उद्यान विभाग द्वारा उन्हें ‘स्वीट चार्ली’ प्रजाति के 5000 पौधे निःशुल्क उपलब्ध कराए गए। इसके अतिरिक्त नईम ने स्वयं महाराष्ट्र के प्रसिद्ध स्ट्रॉबेरी उत्पादक क्षेत्र महाबलेश्वर से 20,000 पौधे ‘पार्थेनोप 115 पी.बी.आर.’ प्रजाति के मंगवाए। कुल 0.40 हेक्टेयर भूमि में नवंबर माह में रोपण कर आधुनिक तकनीक, संतुलित पोषण प्रबंधन एवं नियमित सिंचाई व्यवस्था के माध्यम से फसल तैयार की गई।

वर्तमान समय में उनके खेत से प्रतिदिन औसतन 60 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाली स्ट्रॉबेरी का उत्पादन हो रहा है, बाजारों में उन्हें रूपये 250 प्रति किलोग्राम की दर से थोक मूल्य प्राप्त हो रहा है। दिनांक 20, 21 एवं 22 फरवरी 2026 को आयोजित मण्डलीय फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी, प्रयागराज में नईम ने स्ट्रॉबेरी की दो अलग-अलग श्रेणियों में प्रथम स्थान प्राप्त किया। नईम का चयन ‘राइजिंग प्रतापगढ़’ कार्यक्रम के अंतर्गत नवोन्मेषी कृषक के रूप में किया गया है। 

जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने उनके उत्पाद की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उन्हें सम्मानित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि नईम की सफलता यह दर्शाती है कि यदि किसान परंपरागत फसलों के साथ-साथ बागवानी एवं उच्च मूल्य वाली फसलों को अपनाएं तो कम भूमि में भी बेहतर आय अर्जित की जा सकती है। उन्होंने अपेक्षा की कि नईम जनपद के अन्य कृषकों को भी प्रेरित करेंगे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |