पाकिस्तान vs ऑस्ट्रेलिया! पाकिस्तान ने जीता टॉस, पहले बल्लेबाजी का लिया फैसला
January 31, 2026
पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच आगामी टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है। इस सीरीज का दूसरा मुकाबला लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में हो रहा है, जिसमें मेजबान पाकिस्तान की टीम ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया है। पाकिस्तान ने इस दूसरे मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग 11 में तीन बदलाव किए हैं, जिसमें उन्होंने फखर जमान, शाहीन अफरीदी और सलमान मिर्जा की जगह पर फहीम अशरफ, नसीम शाह और उस्मान तारिक को खिलाने का फैसला लिया है। वहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम में उनके कप्तान मिचेल मार्श की वापसी होने के साथ प्लेइंग 11 में कुल चार बड़े बदलाव किए गए हैं। पाकिस्तान अभी इस टी20 सीरीज में 1-0 से आगे है, जिसमें ऑस्ट्रेलिया की कोशिश बराबरी करने पर रहने वाली है।
दूसरे टी20 मैच के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग 11
पाकिस्तान - साहिबजादा फरहान, सईम अयूब, सलमान आगा (कप्तान), बाबर आजम, उस्मान खान (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, शादाब खान, फहीम अशरफ, अबरार अहमद, नसीम शाह, उस्मान तारिक।
ऑस्ट्रेलिया - मैथ्यू शॉर्ट, ट्रैविस हेड, मिचेल मार्श (कप्तान), कैमरन ग्रीन, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), मैट रेनशॉ, कूपर कॉनोली, जेवियर बार्टलेट, सीन एबॉट, मैथ्यू कुह्नमैन, एडम जम्पा।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए दोनों ही टीमें इस सीरीज में खेल रही हैं। पहले मुकाबले में कंगारू टीम के बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन के चलते उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। मेजबान पाकिस्तानी टीम ने पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया को 20 ओवर्स में 169 रनों का टारगेट दिया था, लेकिन वह पीछा करते हुए 8 विकेट के नुकसान पर 146 रनों के स्कोर तक ही पहुंचने में कामयाब हो सके और उन्हें 22 रनों से हार का सामना करना पड़ा। उस मैच में पाकिस्तान के लिए बल्ले से सैम अयूब ने 40 रनों की अहम पारी खेली थी, तो वहीं गेंदबाजी में भी वह 2 विकेट लेने में कामयाब रहे थे। इसके अलावा अबरार अहमद ने भी 2 विकेट लिए थे। ऐसे में दूसरे टी20 मैच में अब कंगारू टीम की कोशिश जीत हासिल कर इस सीरीज को 1-1 की बराबरी पर लाने की होगी तो वहीं पाकिस्तान की नजरें अजेय बढ़त हासिल करने पर रहने वाली हैं।
