हिमाचल, जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी, तो दिल्ली-NCR में शीतलहर और घने कोहरे का अलर्ट
January 02, 2026
नए साल की शुरुआत कड़ाके की ठंड और भारी बर्फबारी के साथ हुई है। आज भी पहाड़ी राज्यों में जमकर बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक पहाड़ों से मैदान तक शीतलहर का प्रकोप रहेगा हिमाचल, उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी है तो जम्मू-कश्मीर के ज्यादातर इलाकों में बर्फबारी का अनुमान है। यानी तापमान में गिरावट की वजह से प्रचंड ठंड रहेगी है। हालांकि बर्फबारी होने से सैलानियों की मौज आ गई है वो इस बर्फबारी का पूरा मजा ले रहे हैं। वहीं, दिल्ली-NCR में शीतलहर और घने कोहरे का अलर्ट जारी है। साथ ही उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
IMD की मानें तो 2 जनवरी को दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट रहेग। आज ठंडी हवाएं चल सकती हैं और बादल छाए रहेंगे। 2 जनवरी को धूप न निकलने का भी पूर्वानुमान है. अभी सिर्फ 2 जनवरी के लिए ही ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी की गई है। आईएमडी ने 7 जनवरी तक के मौसम का भी पूर्वानुमान जारी कर दिया है, जिसमें अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरता हुआ नजर आ रहा है।
नए साल की शुरुआत के साथ ही पहाड़ी राज्यों में जमकर बर्फबारी हो रही है। जम्मू से लेकर उत्तराखंड और हिमाचल की वादियां बर्फ से ढक गईं हैं। चंबा, मनाली, भद्रवाह और गुलमर्ग तक इलाके सफेद चादर से ढके नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक पहाड़ी राज्यों में आज भी जमकर बर्फबारी देखने को मिलेगी। हालांकि कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, यूपी, बिहार और ओडिशा में अगले 5 से 7 दिनों तक सुबह और रात के समय बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। यूपी के 25 से ज्यादा जिलों में आज शीतलहर और कोहरे का डबल अटैक रहेगा। कई जगहों पर विजिबिलिटी बेहद कम रह सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।
वहीं, राजस्थान के कुछ हिस्सों में कोल्ड वेव यानी शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की गई है। खासकर सुबह और रात के समय ठंड ज्यादा परेशान कर सकती है।
उत्तराखंड में अगले 2 दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती हैं। इससे पहाड़ी इलाकों में तापमान और गिर सकता है और सफर करने वालों को सतर्क रहने की जरूरत है।
