पीलीभीत। नगर पालिका परिषद पीलीभीत की बोर्ड बैठक बुधवार को पालिकाध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में अधिशासी अधिकारी संजीव कुमार, सभी पटल प्रभारी तथा बड़ी संख्या में सभासद मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर की ज्वलंत समस्याओं पर चर्चा कर उनके त्वरित और स्थायी समाधान के लिए निर्णय लेना रहा।
बैठक में सबसे पहले बरसात के मौसम में होने वाले जलभराव की समस्या पर विस्तार से चर्चा की गई। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए पालिका बोर्ड की ओर से जिलाधिकारी को पत्र भेजकर नाला निर्माण समिति गठित करने की मांग करने का निर्णय लिया गया। यह समिति शहर के विभिन्न इलाकों में नालों के निर्माण और विस्तार की रूपरेखा तैयार करेगी, जिससे आने वाले समय में जलभराव से राहत मिल सके। साथ ही पुरानी डांट वाली पुलिया को हटाकर वहां नई और मजबूत पुलिया के निर्माण पर भी विचार-विमर्श किया गया।
सभासदों द्वारा उठाई गई मांगों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया कि होली पर्व से पूर्व शहर की प्रकाश व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त किया जाएगा। इसके अंतर्गत खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक किया जाएगा और जहां आवश्यकता होगी वहां नई लाइटें लगाई जाएंगी। इसके लिए जरूरी तार और अन्य सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।सफाई व्यवस्था को लेकर पालिकाध्यक्ष ने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक वार्ड में सात दिन के भीतर कूड़ा उठाने वाली गाड़ी नियमित रूप से भेजी जाए। शहर के सभी डंपिंग प्वाइंट्स से प्रतिदिन कूड़ा उठाने, सड़कों और मोहल्लों में झाड़ू लगवाने तथा साफ-सफाई के बाद ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराए जाने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग को दिए गए।बैठक में यह भी तय किया गया कि जिन क्षेत्रों में जल निगम द्वारा नई पाइपलाइन डाली जा रही है, वहां खुदाई के बाद जलकल विभाग की निगरानी में समतलीकरण कराकर कार्य को पूरा कराया जाएगा, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके अलावा शहर में गैस पाइपलाइन बिछाने वाले ठेकेदारों से संपर्क कर उनके द्वारा तोड़ी गई सड़कों की मरम्मत कराने और गड्ढों को भरवाने के निर्देश अधिशासी अधिकारी को दिए गए।बैठक में सभासद गोकुल प्रसाद मौर्य, साकेत सक्सेना, वतनदीप मिश्रा, निजाकत अली कादरी, राशिद हुसैन, निर्मल सिंह टीटू, उषा देवी, इकबाल हजरत, मोहम्मद शरीफ, सुनीता सिंह, चेतन गंगवार, पुष्पा उपाध्याय, शिखा वर्मा, विपिन गंगवार, राजू फौजी, जाहिदा बी, शबनम, राजेंद्र भारती, अनस अंसारी, शिवम श्रीवास्तव, एहतिशाम वली खां सहित अन्य सभासद एवं राज्य मंत्री प्रतिनिधि राकेश सिंह उपस्थित रहे।
