शुकुलबाजार: विवाहिता का आरोप! पति ने रचाई दूसरी शादी, ससुराल पक्ष पर साजिश कर विदेश भेजने का मुकदमा दर्ज
January 07, 2026
शुकुलबाजार/अमेठी। थाना क्षेत्र की एक विवाहिता ने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर पति समेत 12 लोगों के खिलाफ दूसरी शादी करने, दहेज उत्पीड़न, मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना और साजिश के तहत विदेश भेजने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता ने बताया कि उसका विवाह 6 फरवरी 2022 को हुआ था। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज को लेकर उस पर दबाव बनाया जाने लगा और आए दिन प्रताड़ित किया जाता रहा। आरोप है कि इसी दौरान पति ने ससुरालियों की मिलीभगत से बिना उसकी जानकारी और सहमति के दूसरी शादी कर ली। महिला का कहना है कि उसे जानबूझकर विदेश भेज दिया गया, ताकि वह अपने अधिकारों के लिए आवाज न उठा सके। बाद में जब उसे पति की दूसरी शादी की जानकारी हुई और उसने इसका विरोध किया, तो उसे फोन पर धमकियां दी जाने लगीं। इससे वह भय और मानसिक तनाव में जीवन यापन कर रही है। पुलिस ने मोहम्मद उस्मान, उस्मान गनी, नगमा बेगम, सैयदा फातिमा, नुसरा, फैजा, फलक, किसवा, चंदा, नसरुल्लाह, अरशद अल्लाह उर्फ शेरा और उबैद उल्लाह को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष विवेक वर्मा ने बताया कि मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और मामले की जांच करते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
.jpg)