Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

सुलतानपुर: गणपत सहाय पीजी कॉलेज प्राचार्य हत्याकांड के मुख्य आरोपी अनिल मिश्रा ने की आत्महत्या


सुल्तानपुर। नगर क्षेत्र के गनपत सहाय पीजी कॉलेज के तत्कालीन प्राचार्य पीबी सिंह हत्याकांड से जुड़े मुख्य आरोपी अनिल मिश्रा ने आत्महत्या कर ली। उनका शव सुल्तानपुर शहर के पंचरास्ता क्षेत्र स्थित रामलीला विद्यालय परिसर में फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

मृतक अनिल मिश्रा रामलीला विद्यालय की प्रबंधक के पति बताए जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।

अनिल मिश्रा का नाम सुल्तानपुर के बहुचर्चित गनपत सहाय पीजी कॉलेज डबल मर्डर केस में सामने आया था। लगभग एक दशक पूर्व कॉलेज के प्राचार्य पीबी सिंह की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस समय प्राचार्य की सुरक्षा में तैनात एक सुरक्षाकर्मी की भी हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। यह वारदात उस समय हुई थी जब प्राचार्य ड्यूटी पर जाते समय विद्यालय गेट के पास पहुंचे थे। हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दोनों की जान ले ली थी।

इस दोहरे हत्याकांड ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया था। मामला लंबे समय तक चर्चा में रहा और इसमें कई आरोपियों के खिलाफ मुकदमा चला। अनिल मिश्रा को इस केस का मुख्य आरोपी माना गया था और उन्होंने वर्षों तक ट्रायल का सामना किया।

फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। परिजनों और करीबी लोगों से पूछताछ की जा रही है, साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि क्या किसी तरह का मानसिक दबाव या हालिया घटनाक्रम इसके पीछे कारण बना।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, हालांकि पुलिस बल की तैनाती कर स्थिति को नियंत्रित रखा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।

सुल्तानपुर में एक बार फिर यह मामला चर्चा का विषय बन गया है, जिसने वर्षों पहले हुए उस जघन्य हत्याकांड की यादें ताजा कर दी हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |