Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

लखनऊ: नगर निगम का शैक्षिक भ्रमण! स्वच्छता और स्मार्ट सिटी मॉडल के अध्ययन के लिए अहमदाबाद दौरा


लखनऊ। नगर निगम का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल महापौर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में गुजरात के अहमदाबाद शहर के शैक्षिक भ्रमण पर गया है। इस प्रतिनिधिमंडल में नगर निगम के पार्षदगण, नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त, विभिन्न जोनल अधिकारी, चीफ इंजीनियर सहित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि शामिल हैं। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य अहमदाबाद में लागू किए गए स्वच्छता, स्मार्ट सिटी और आधुनिक शहरी विकास के सफल मॉडलों का अध्ययन कर उन्हें लखनऊ में लागू करना है।

प्रतिनिधिमंडल ने अहमदाबाद में विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं और विकास स्थलों का दौरा किया। सबसे पहले डेलिगेशन ने अटल ब्रिज स्थित फ्लावर शो का भ्रमण किया, जहां शहरी सौंदर्यीकरण और हरित विकास के नवाचारों की जानकारी दी गई। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने स्मार्ट सिटी कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का दौरा किया, जहां नगर प्रबंधन, ट्रैफिक कंट्रोल, आपदा प्रबंधन और नागरिक सेवाओं के तकनीकी एकीकरण की विस्तृत जानकारी अधिकारियों को दी गई।

इसी क्रम में डेलिगेशन ने वेस्ट टू एनर्जी प्लांट का साइट विजिट किया। इस परियोजना के माध्यम से कचरे से ऊर्जा उत्पादन की प्रक्रिया, अपशिष्ट प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के उपायों को समझा गया। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की परियोजनाएं न केवल स्वच्छता को बढ़ावा देती हैं, बल्कि ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोत के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने कांकरिया लेक फ्रंट डेवलपमेंट का निरीक्षण किया, जहां झील के सौंदर्यीकरण, पर्यटन विकास और नागरिक सुविधाओं के समन्वय का सफल उदाहरण देखने को मिला। नारणपुरा स्थित वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का भी भ्रमण किया गया, जहां आधुनिक खेल अवसंरचना और युवाओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी साझा की गई।

महापौर सुषमा खर्कवाल ने शैक्षिक भ्रमण के दौरान कहा कि “अहमदाबाद में स्वच्छता, स्मार्ट सिटी प्रबंधन और आधुनिक शहरी विकास के जो मॉडल हमने देखे हैं, वे अत्यंत प्रेरणादायक हैं। वेस्ट टू एनर्जी प्लांट, स्मार्ट सिटी कमांड कंट्रोल सेंटर और झील विकास जैसी परियोजनाएं यह दर्शाती हैं कि सुनियोजित कार्यप्रणाली और तकनीकी नवाचार से शहरों को किस प्रकार बेहतर बनाया जा सकता है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में अहमदाबाद का देश में प्रथम स्थान प्राप्त करना इसकी ठोस कार्ययोजना और जनसहभागिता का परिणाम है।

उन्होंने आगे कहा कि “लखनऊ नगर निगम का उद्देश्य इस शैक्षिक भ्रमण से प्राप्त अनुभवों को लखनऊ शहर में लागू करना है, ताकि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं के स्तर को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके। नगर निगम के जनप्रतिनिधि और अधिकारी एकजुट होकर लखनऊ को स्वच्छ, सुंदर और स्मार्ट शहर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।”

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |