संग्रामपुर: कहीं नाले का गंदा पानी,तो कहीं जानलेवा गड्ढे! जर्जरता का दंश झेल रहा मार्ग
January 28, 2026
संग्रामपुर/अमेठी। विकास की बड़ी-बड़ी बातों के बीच संग्रामपुर विकासखंड के किठावर-शीतलागंज संपर्क मार्ग की सुलगती सच्चाई प्रशासन की कार्यशैली पर प्रश्नचिह्न लगा रही है। प्रतापगढ़ को जोड़ने वाला यह अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग पिछले कई वर्षों से जर्जरता के दंश को झेल रहा है। बुधवार को बड़गांव बाजार में एकत्रित हुए ग्रामीणों ने प्रशासन के विरुद्ध अपना असंतोष व्यक्त करते हुए मार्ग के तत्काल कायाकल्प की मांग उठाई। स्थानीय ग्रामीण पप्पू सिंह ने बताया कि यह मार्ग मात्र एक सड़क नहीं, बल्कि क्षेत्र की जीवनरेखा है, जो राहगीरों के बहुमूल्य 10 किलोमीटर बचाती है। परंतु वर्तमान में इसकी स्थिति विभीषिका से कम नहीं है। प्रतिदिन हजारों वाहनों का आवागमन होने के बावजूद इसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। सड़क का स्वरूप अब नदी जैसा हो गया है, जहाँ हर समय गंदा पानी जमा रहता है। स्कूली बच्चे और किसान इसी खतरनाक सफर को तय करने के लिए मजबूर हैं।गहरे गड्ढों के कारण यह मार्ग अब दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र बन चुका है। शुभम सोनी,राम राज मौर्या,विक्रम कनौजिया सहित अन्य ग्रामीणों ने सामूहिक स्वर में कहा कि 500 मीटर के इस विवादित टुकड़े का जीर्णोद्धार न होना जनहित की अनदेखी है।ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन अपनी श्कुंभकर्णी निद्राश् से नहीं जागा,तो क्षेत्र की जनता लोकतांत्रिक तरीके से बड़े आंदोलन का बिगुल फूंकेगी।
