बाराबंकी: पुलिस ने चोरी की घटना का किया खुलासा, चार शातिर चोर गिरफ्तार
January 29, 2026
घुंघटेर/बाराबंकी। घुंघटेर पुलिस ने एक सप्ताह पूर्व बाबागंज तिराहे के पास स्थित एक दुकान में हुई चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया सामान, नगदी तथा वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन भी बरामद किया है।घुंघटेर पुलिस के अनुसार गुरुवार को बेहटा पुलिया के पास से सुलतानपुर जनपद के थाना कुरेभार अंतर्गत ग्राम जियापुर निवासी सत्यम प्रजापति पुत्र राम अछैवर, सीतापुर जनपद के थाना महोली क्षेत्र के ग्राम भुड़कुड़ा निवासी सुमित पुत्र राकेश कश्यप, सीतापुर कोतवाली नगर क्षेत्र के ग्राम गोड़ियनटोला निवासी अभिषेक पुत्र संजीत कश्यप तथा ग्राम लोधोरी थाना रामपुर कला, सीतापुर निवासी सूर्य प्रकाश पुत्र प्रवेश कुमार रावत को गिरफ्तार किया गया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक इंजन, एक पानी का पंखा, चोरी की घटना में इस्तेमाल किया गया पिकअप वाहन एवं 3500 रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने 23 जनवरी को बाबागंज तिराहे पर स्थित दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी सत्यम प्रजापति के खिलाफ लखनऊ, सुलतानपुर, अयोध्या एवं अंबेडकरनगर के विभिन्न थानों में कुल 18 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं सूर्य प्रकाश व अभिषेक के खिलाफ दो-दो तथा सुमित के खिलाफ एक आपराधिक मामला दर्ज है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
