पीलीभीत। जिले के बरखेड़ा कस्बा में बुधवार रात दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। ब्लॉक तिराहे पर तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दंपती और उनके दो मासूम बच्चों को बेरहमी से रौंद दिया। टक्कर के बाद भी कार चालक का दिल नहीं पसीजा, बल्कि उसने सड़क पर गिरी महिला को कुचलते हुए मौके से फरार होकर हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 10 बजे बरखेड़ा निवासी जमील अपनी पत्नी महनाज बी और दो पुत्रियों शाहिदा (9 वर्ष) व एक वर्षीय शाबिया के साथ बाइक से ब्लॉक तिराहा पार कर रहे थे। तभी पीलीभीत की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि महनाज अपनी गोद में मासूम बच्ची को लिए करीब पांच फीट दूर उछलकर सड़क पर जा गिरी।हादसे में बाइक सवार दंपती और दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोग कार चालक को पकड़ने के लिए दौड़े, लेकिन आरोपी चालक ने अपनी जान बचाने के लिए सड़क पर तड़प रही महनाज के ऊपर से कार चढ़ा दी और मौके से भाग निकला। कार के पहियों के नीचे आकर महनाज के दोनों पैर बुरी तरह कुचल गए। घटना को अंजाम देने के बाद चालक कार लेकर बीसलपुर की ओर फरार हो गया।हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली और सड़क पर बेलगाम रफ्तार पर सवाल उठाए। घायलों को तत्काल सीएचसी बरखेड़ा ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि, परिजनों ने गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल न ले जाकर सभी घायलों को बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज जारी है।सबसे चैंकाने वाली बात यह है कि यह पूरी दर्दनाक घटना पास की एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में कार चालक की निर्दयता साफ नजर आ रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।
