पीलीभीत। चिरौंजी लाल वीरेंद्र पाल सरस्वती विद्या मंदिर के होनहार छात्र अंश शर्मा ने एस.जी.एफ.आई. की राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। यह प्रतियोगिता राजस्थान के उदयपुर में आयोजित की गई, जिसमें अंश शर्मा ने हॉकी अंडर-19 वर्ग में प्रतिभाग किया। इसके साथ ही उन्होंने विद्या भारती की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।छात्र की इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में दिनांक 29 जनवरी को विद्यालय के वंदना सत्र में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य सुभाष कुमार ने अंश शर्मा को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने छात्र की मेहनत, लगन और अनुशासन की सराहना करते हुए इसे अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।इस अवसर पर अंश शर्मा की सफलता के पीछे अहम भूमिका निभाने वाले उनके कोच एवं एस.जी.एफ.आई.ध्विद्या भारती अंडर-19 टीम के मैनेजर प्रशान्त सक्सेना को भी उनके उत्कृष्ट मार्गदर्शन और कठिन परिश्रम के लिए शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय परिवार ने कोच के समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके प्रशिक्षण से छात्रों में अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना का निरंतर विकास हो रहा है।
अंश शर्मा की इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य, शिक्षक-गण एवं विद्यार्थियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान रसायन विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षा लेने आए बाह्य परीक्षक संदीप का उप-प्रधानाचार्य विनोद श्रीवास्तव ने पटका पहनाकर स्वागत किया।
सम्मान समारोह में कृष्ण कुमार शर्मा, संजीव गोस्वामी, श्रीराम मिश्र, संतोष तिवारी, एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर तनु अग्निहोत्री, पंकज गुप्ता, मनुकृष्ण सक्सेना, हेमंत वर्मा, सूर्यप्रकाश मिश्रा सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। यह उपलब्धि न केवल विद्यालय के लिए गर्व का विषय है, बल्कि आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायी सिद्ध होगी।
