सुलतानपुर। शहर के खैराबाद मोहल्ले में स्थित उप डाकघर की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। नियमों के अनुसार उप डाकघर को शाम 5रू00 बजे तक खुला रहना चाहिए, लेकिन इसके विपरीत यह डाकघर समय से पहले ही बंद कर दिया जा रहा है। इसका खामियाजा आम उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, दर्जनों उपभोक्ता अपने जरूरी कार्यों के लिए खेराबाद उप डाकघर पहुंचे थे, लेकिन कार्यालय बंद मिलने के कारण उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ा। उपभोक्ताओं का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि बीते कई दिनों से डाकघर अनियमित रूप से बंद किया जा रहा है।
जीपीएस के माध्यम से ली गई तस्वीरों में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि डाकघर के मुख्य द्वार पर ताला लगा हुआ है। तस्वीरों में समय भी अंकित है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि डाकघर निर्धारित समय से पहले ही बंद कर दिया गया था।
उपभोक्ता रीना गुप्ता ने बताया कि वह डाकघर में पैसे जमा करने के लिए आई थीं, लेकिन बीते दो दिनों से लगातार उन्हें डाकघर बंद मिल रहा है। उन्होंने बताया कि सुबह के समय डाकघर केवल लगभग एक घंटे के लिए ही खुलता है, जिसके बाद डाकघर का इंचार्ज करीब 12 बजे कार्यालय बंद कर ताला लगा देते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि डाकघर की इस मनमानी से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बुजुर्गों, महिलाओं और दूर-दराज से आने वाले लोगों को बार-बार चक्कर काटने पड़ रहे हैं। कई उपभोक्ताओं ने इस मामले में उच्च अधिकारियों से जांच और कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना यह होगा कि डाक विभाग इस गंभीर लापरवाही पर क्या कदम उठाता है और कब तक उपभोक्ताओं को इस समस्या से राहत मिलती है।
