लखनऊ: खेतों से लेकर सड़क तक मुसीबत बने छुट्टा जानवर, जिम्मेदार उदासीन! आवारा पशु सड़कों पर लोगों के लिए बन रहें हैं खतरा, सड़कों पर दिख रहे छुट्टा जानवरों के झुंड़
January 09, 2026
लखनऊ। लखनऊ जिले के बीकेटी ब्लाक क्षेत्र अंतर्गत आवारा पशुओं की वजह से फसलों और अन्य चीजों की बर्बादी को लेकर पिछले कई सालों से लगातार शिकायतें आती रही हैं। सड़कों पर छुट्टा जानवरों के हमलों में लोगों की जान जाने की घटनाएं भी गंभीर चिंता का विषय बन गई हैं। आये दिन सड़क पर छुट्टा घूमते सांड़ व गाय जैसे पशुओं के अचानक किसी को टक्कर मार देने की वजह से लोग घायल होकर अस्पताल पहुंच जाते हैं। सड़कों पर वाहनों से जानवरों के टकराने के कारण भी गंभीर हादसे होते रहते हैं। वहीं बीकेटी ब्लॉक क्षेत्र के अंतर्गत हाईवे रोड, माल रोड, हरदा कालोनी अकडरिया कला गांव रोड अन्य जगहों पर दर्जनों छुट्टा जानवर सड़क पर टहलते दिखाई देते हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। छुट्टा जानवर सड़कों पर लोगों के लिए काल बने खड़े हुए हैं, थोड़ा सा भी चपेट में आ गये तो जान भी गंवानी पड़ सकती हैं। इन सड़कों पर खड़े छुट्टा जानवरों को संबंधित ब्लाक अधिकारियों को अभियान चलाकर गौशालाओं में भेजना चाहिए। जिससे की सड़कों चल रहे नागरिकों एवं आम जनता को सड़क पर निकलते समय किसी प्रकार का खतरा न हो सकें। बीकेटी क्षेत्र के कुंम्हरावां चैराहा इटौंजा महोना रोड़ किसी रास्ते से गुजरते हुए बीच सड़क पर बैठे या आते-जाते पशुओं को आमतौर पर देखा जा सकता हैं और उन्हें हटाने वाला कोई नहीं है। वाहन चालक या अन्य लोग अपने को बचाते हुए किसी तरह वहां से आगे निकलने की कोशिश करते दिखाई देते हैं। वहीं सड़क पर लावारिस गायों की देखभाल के लिए गौशालाओं की व्यवस्था एक हल है,लेकिन अब वह भी नाकाफी साबित हो रही है। बीकेटी ब्लॉक क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में जैसे, कुंम्हरावां, मुसपिपरी,माल रोड, हरदा कालोनी रोड़, मानपुर मंडी, अमानीगंज, महोना अन्य जगहों व सड़कों पर बड़ी तादाद में छुट्टा पशु घूमते यही दर्शाते हैं कि कहीं ना कहीं जिम्मेदारों की लापरवाही हैं, जिससे कि खेतों में किसानों का नुकसान भी होता है और सड़कों पर लोगों की जान का खतरा भी बना रहता है।
