Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

लखनऊ: नगर निगम का सघन अतिक्रमण विरोधी अभियान, कई जोनों में कार्रवाई, अवैध ठेले, गुमटी और काउंटर हटाए गए


लखनऊ। नगर निगम ने शहर में लगातार बढ़ते अतिक्रमण, यातायात अवरोध और सार्वजनिक स्थलों पर हो रहे अतिक्रमण को गंभीरता से लेते हुए गुरुवार को एक व्यापक और बहुस्तरीय अभियान चलाया। यह कार्रवाई नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर की गई। 

नगर निगम जोन-1 क्षेत्र अंतर्गत जोनल अधिकारी ओ.पी. सिंह, कर अधीक्षक अनुराग उपाध्याय तथा प्रवर्तन विभाग की 296 टीम के नेतृत्व में एक सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। यह अभियान बार्लिंटन चैराहे से प्रारंभ होकर विकास दीप, के.के.सी., बापू भवन, स्मार्ट सिटी, नूर मंजिल, बालाकदर, हरिओम मंदिर होते हुए नावेल्टी चैराहे से नगर निगम मुख्यालय तक संचालित किया गया। इस दौरान ध्वनि उद्घोषणा के माध्यम से दोपहिया, चारपहिया वाहनों एवं अन्य अस्थायी अतिक्रमणों को हटवाया गया, जिससे यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाया जा सके।

इसी क्रम में जोन-3 क्षेत्र में जोनल अधिकारी  आकाश कुमार के निर्देशन में 296 टीम के साथ वर्मा पेट्रोल पंप से आदर्श कॉम्प्लेक्स, इंजीनियरिंग चैराहे तक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान लगभग 10 चाय ठेले एवं 3 फास्ट फूड काउंटर हटाए गए। साथ ही 4 लोहे एवं स्टील के काउंटर, 2 कुर्सियां तथा 1 बैटरी जब्त की गई। 

जोन-6 क्षेत्र अंतर्गत वार्ड बालागंज चैराहे के चारों ओर अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इस अभियान में 20 ठेले, 4 गुमटी, 4 काउंटर, 15 अस्थायी दुकानों को हटवाया गया। साथ ही 2 टायर, 1 लकड़ी की बेंच, 2 पानी की पेटी सहित अन्य सामग्री जब्त की गई। इस कार्रवाई का नेतृत्व जोनल अधिकारी  अमरजीत यादव ने किया, जिसमें कर अधीक्षक विजय शंकर, कर निरीक्षक धर्मदेव तथा 296 टीम उपस्थित रही।

वहीं जोन-7 क्षेत्र में जोनल अधिकारी रामेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में कंचना बिहारी मार्ग से बसेरा मोड़ तक तथा बस्तौली पार्क के आसपास नाली, नाले और सड़क की दोनों पट्टियों पर किए गए अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाया गया। इस दौरान 4 ठेलियां, 2 तराजू, 2 टेबल, प्लास्टिक के 5 कैरेट जब्त किए गए तथा 4 काउंटर, 5 ठेले, 3 ठेलियां और 3 गुमटियों को हटाया गया। इस कार्रवाई में कर अधीक्षक श्री विनय मौर्य, ईटीएफ टीम और 296 टीम मौजूद रही।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |