दिल दहलाने वाली घटना! हैदराबाद में ट्रेन के सामने कूदकर मां और 2 बच्चों ने की आत्महत्या
January 31, 2026
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में आज तड़के एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जिसने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया है. चारलपल्ली और घटकेसर रेलवे स्टेशन के बीच आज सुबह लगभग 2:30 बजे एक ही परिवार के तीन सदस्यों ने एक मालगाड़ी के सामने कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली.
मृतकों की पहचान बोडुप्पल निवासी 38 वर्षीय मां पिननींटी विजयशांति और उनके बच्चों बेटे विशाल रेड्डी और बेटी चेतना रेड्डी के रूप में हुई है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में ले लिया है और आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है.
घटना की जानकारी तब सामने आई, जब गुड्स ट्रेन के लोको पायलट ने ट्रैक पर पड़े शवों को देखा. आनन-फानन में पायलट ने वॉकी-टॉकी के जरिए रेलवे नियंत्रण कक्ष और पुलिस को सूचना दी. घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि यह एक पूरी पारिवारिक त्रासदी है. मृतका विजयशांति अपने दोनों बच्चों के साथ रहती थीं. बेटा विशाल रेड्डी इंटरमीडिएट फर्स्ट ईयर और बेटी चेतना रेड्डी इंटरमीडिएट सेकंड ईयर की छात्रा थी.
पुलिस की शुरुआती जांच में कुछ ऐसी बातें सामने आई हैं जो पारिवारिक तनाव की ओर इशारा करती हैं. जानकारी के अनुसार, विजयशांति के पति सुरेंदर रेड्डी नेल्लोर में रहते थे और पिछले काफी समय से परिवार से अलग थे. विजयशांति बोडुप्पल में अकेले बच्चों का पालन-पोषण कर रही थीं.
क्या एकाकीपन, आर्थिक तंगी या पति से दूरी ने उन्हें यह कदम उठाने पर मजबूर किया, यह अभी स्पष्ट नहीं है. हालांकि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. आस-पास के लोगों में इस घटना ने गहरा शोक पैदा कर दिया है. पुलिस आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ करेगी ताकि इस सनसनीखेज आत्महत्या का सच सामने आ सके.
