सुल्तानपुर । जनपद सुल्तानपुर में शनिवार सुबह मौसम ने अचानक करवट बदली। घने कोहरे और शीतलहर ने पूरे क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे रात से चल रही तेज हवाओं के कारण गलन बढ़ गई। पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से यहां कोहरा नाममात्र का ही था।
शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पिछली रात यह 8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। वायु गुड़वक्ता सूचकांक (।फप्) 348 रहा और हवा की रफ्तार 8 किलोमीटर प्रति घंटा थी। घने कोहरे के कारण दृश्यता घटकर 1.2 किलोमीटर रह गई।
तड़के तीन बजे से ही घना कोहरा छाया रहा और पछुआ हवाओं के कारण ठंड में और इजाफा हुआ। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा लेते देखे गए। कोहरे के चलते लखनऊ - वाराणसी राजमार्ग पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई।
इस शीतलहर से फूल वाली फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है, वहीं आलू की फसल को पाला लगने का डर हैं। हालांकि, गेहूं की फसल के लिए यह ठंड फायदेमंद बताई जा रही है, क्योंकि इससे पौधों में अधिक कल्ले आएंगे और उनका विकास बेहतर होगा। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार दोपहर में बादल छाए रहने की संभावना है। अगले दो दिनों तक सुबह के समय कोहरा रहने का अनुमान है। आज अधिकतम तापमान 24 - 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 से 13 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इससे पहले शुक्रवार को कृषि मौसम विज्ञान विभाग, आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्विद्यालय, कुमारगंज अयोध्या ने जानकारी दी थी। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस (सामान्य) और न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 4.0डिग्री अधिक) दर्ज किया गया था।
