सोनभद्र । जिले में गुरुवार को भाजपा कार्यालय का घेराव करने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने उरमौरा बाईपास पर रोक लिया। जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गोड़ समेत कई नेता सड़क पर लेट कर नारेबाजी करने लगे। फोर्स के साथ सीओ रणधीर मिश्रा और कोतवाल माधव सिंह ने सभी को सड़क से हटवा कर आवागमन बहाल करवाया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेसियों के बीच नोंकझोंक भी हुई। फोर्स जिलाध्यक्ष समेत कई नेताओं को हिरासत में लेकर पुलिस चौकी चूर्क ले गई। नाराज कई कांग्रेसियों ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के माध्यम से कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ की जा रही कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। पार्टी हाईकमान के निर्देश पर पूरे प्रदेश में भाजपा कार्यालयों का घेराव किया जाना था। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा ने अवैध संपत्ति अर्जित कर पूरे देश में अपने कार्यालय बनाए हैं। पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। सुरक्षा के मद्देनजर भाजपा कार्यालय पर भी पुलिस और पीएसी बल तैनात किया गया था। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रामराज गौड़ ने बताया कि पार्टी हाईकमान के आदेश पर पूरे प्रदेश में भाजपा कार्यालयों के घेराव का निर्देश मिला था। गुरुवार को घेराव की तैयारी थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें और अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पहले ही रोक लिया। सीटी सीओ रणधीर मिश्रा ने जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गोड़, फरीद खान, शशांक मिश्रा, जितेंद्र पासवान, कमलेश ओझा, कन्हैया पांडेय, बेबी सिंह, संगीता श्रीवास्तव समेत तमाम कांग्रेसी घेराव में मौजूद रहे।
!doctype>
