Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

मन की बात! ऑपरेशन सिंदूर हर भारतीय के लिए गर्व का प्रतीक बन गया-पीएम मोदी


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के 129वे एपिसोड का आज प्रसारण हुआ। यह इस साल की आखिरी एपिसोड था। पीएम मोदी देश की वर्ष 2025 की उपलब्धियों की चर्चा करने के साथ ही नए वर्ष 2026 की चुनौतियों, संभावनाओं, डेवलपमेंट पर भी चर्चा की।

पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत करते कहा कि कुछ ही दिनों में साल 2026 दस्तक देने वाला है मन में पूरे एक साल की यादें घूम रही हैं। कई उपलब्धियां जिन्होंने देश को एक साथ जोड़ दिया। 2025 ने हमें कई ऐसे पल दिए जिससे हर भारतीय को गर्व महसूस दिया। देश की सुरक्षा से लेकर खेल के मैदान तक, विज्ञान की प्रयोगशालाओं से लेकर दुनिया के बड़े मंचों तक, भारत ने हर जगह अपनी मजबूत छाप छोड़ी ।

पीएम मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा, 'इस साल, 'ऑपरेशन सिंदूर' हर भारतीय के लिए गर्व का प्रतीक बन गया। पूरी दुनिया ने देखा कि आज का भारत अपनी सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करता। 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान दुनिया के हर कोने से भारत माता के प्रति प्यार और भक्ति की तस्वीरें सामने आईं। यही भावना तब भी देखने को मिली जब 'वंदे मातरम' के 150 साल पूरे हुए।"

पीएम मोदी ने खेलों का उल्लेख करते हुए कहा, 'पुरुष क्रिकेट टीम ने आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी जीती तो महिला क्रिकेट टीम ने पहली बार वर्ल्ड कप अपने नाम किया। भारत की बेटियों ने विमेंस ब्लाइंड वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रच दिया। एशिया कप टी-20 में भी तिरंगा शान से लहराया।'

प्रधानमंत्री ने विज्ञान और अंतरिक्ष के क्षेत्र में देश की उपलब्धियों का उल्लेख किया और कहा, "भारत ने साइंस और स्पेस के क्षेत्र में भी बड़ी छलांग लगाई है। शुभांशु शुक्ला इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पहुंचने वाले पहले भारतीय बने। पर्यावरण सुरक्षा और वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी कई पहल भी 2025 में शुरू हुईं। भारत में अब चीतों की संख्या 30 से ज़्यादा हो गई है।"

इस साल की शुरुआत में कुंभ के भव्य आयोजन का उल्लेख करते हुए पीएम मोदी ने कहा कहा कि इस आयोजन ने पूरी दुनिया को हैरान कर दिया। उन्होंने कहा, "2025 में आस्था, संस्कृति और भारत की अनोखी विरासत सब एक साथ देखने को मिलीं। साल की शुरुआत में प्रयागराज महाकुंभ के आयोजन ने पूरी दुनिया को हैरान कर दिया। साल के आखिर में अयोध्या में राम मंदिर में झंडा फहराने की सेरेमनी ने हर भारतीय को गर्व से भर दिया।"

मन की बात में PM नरेंद्र मोदी ने कहा, "कई युवा मुझसे पूछते हैं कि वे अपने आइडिया का प्रेजेंटेशन मुझे कैसे दे सकते हैं? युवाओं की इस जिज्ञासा का समाधान 'विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग' है। अगले महीने की 12 तारीख को स्वामी विवेकानंद की जयंती के मौके पर 'राष्ट्रीय युवा दिवस' मनाया जाएगा। उसी दिन 'यंग लीडर्स डायलॉग' भी ऑर्गनाइज़ किया जाएगा, और मैं भी उसमें ज़रूर हिस्सा लूंगा। मुझे इस इवेंट का इंतज़ार है।"

पीएम मोदी ने काशी तमिल संगमम का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा "इस साल, वाराणसी में 'काशी तमिल संगमम' के दौरान, तमिल सीखने पर खास ज़ोर दिया गया। 'तमिल सीखो-तमिल करकलम' थीम के तहत, वाराणसी के 50 से ज़्यादा स्कूलों में खास कैंपेन चलाए गए।" पीएम मोदी ने कहा, "तमिल भाषा दुनिया की सबसे पुरानी भाषाओं में से एक है। मुझे खुशी है कि आज देश के दूसरे हिस्सों में भी युवाओं और बच्चों में तमिल भाषा के प्रति एक नया आकर्षण दिख रहा है। यही भाषा की ताकत है। यही भारत की एकता है।"

बता दें कि इससे पहले 30 नवंबर को मन की बात के 128 वें एपिसोड का प्रसारण किया गया था। पीएम मोदी ने इस अंतरिक्ष निर्माण से लेकर कृषि तक विभिन्न क्षेत्रों में हाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत के युवाओं की लगन 'विकसित भारत' की सबसे बड़ी शक्ति है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |