Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

नामी कंपनियों के रैपर में नकली सामान! दिल्ली में बड़े रैकेट का भंडाफोड़


दिल्ली पुलिस की ईस्टर्न रेंज क्राइम ब्रांच ने मिलावटी और नकली ब्रांडेड खाने-पीने व घरेलू सामान बनाने वाले बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने घी, ईनो, ऑल आउट, वीट और टाटा नमक जैसे नामी ब्रांड के नकली उत्पाद तैयार कर बाजार में बेचने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह रैकेट दिल्ली और एनसीआर में लंबे समय से सक्रिय था।

क्राइम ब्रांच को खुफिया सूचना मिली थी कि उत्तम नगर इलाके में नकली ब्रांडेड सामान की बड़ी खेप की डिलीवरी होने वाली है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में निगरानी शुरू की और तय समय पर संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली। इस दौरान भारी मात्रा में नकली घी, ईनो के सैशे, ऑल आउट, वीट और टाटा नमक बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितिन कुमार, रजत सिंघल उर्फ चिंटू, सुरेंद्र गुजर और मुजाहिद उर्फ कार्तिक के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे मिलावटी कच्चे माल से नकली घी तैयार कर उसे नामी कंपनियों के डिब्बों और रैपर में पैक करते थे। नकली सामान को गोदामों में स्टोर कर टेंपो और डिलीवरी बॉय के जरिए स्थानीय बाजारों और थोक व्यापारियों तक पहुंचाया जाता था, ताकि किसी को शक न हो।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कंझावला औद्योगिक क्षेत्र में छापा मारकर नकली घी बनाने की फैक्ट्री का भी खुलासा किया। यहां से घी बनाने और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली मशीनें, फर्जी रैपर, खाली डिब्बे और अन्य सामग्री बरामद की गई। इसके अलावा निलोठी और निहाल विहार इलाके में छापेमारी कर नकली टाटा नमक की पैकिंग और भंडारण का भी पता चला।

पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई में हजारों लीटर नकली घी, हजारों सैशे ईनो, सैकड़ों ऑल आउट और वीट के पैकेट और कई क्विंटल नकली नमक जब्त किया गया है। संबंधित कंपनियों के अधिकृत प्रतिनिधियों ने जांच के बाद सभी सामान को नकली बताया है।

क्राइम ब्रांच ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और कॉपीराइट एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह लोगों की सेहत से खिलवाड़ कर रहा था और इससे न सिर्फ आम जनता बल्कि कंपनियों को भी भारी नुकसान हो रहा था। पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और आगे भी इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |