गौरीगंज: चौधरी चरण सिंह की जयंती पर सपा कार्यालय में हुई गोष्ठी! किसानों के हितों को किया गया याद
December 23, 2025
गौरीगंज/अमेठी। देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चैधरी चरण सिंह की 123वीं जयंती मंगलवार को समाजवादी पार्टी कार्यालय गौरीगंज में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी में सपाइयों ने चैधरी चरण सिंह के चित्र पर फूल-माला अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राम उदित यादव ने कहा कि चैधरी चरण सिंह ने देश के किसानों के हक और सम्मान के लिए आजीवन संघर्ष किया। उन्होंने किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए आवाज उठाई और खेतों में पैदा होने वाली फसलों की बिक्री की गारंटी सुनिश्चित कराने का काम किया। उनके प्रयासों से किसानों का मनोबल बढ़ा और कृषि को नई दिशा मिली। उन्होंने कहा कि चैधरी चरण सिंह सामाजिक न्याय के प्रबल पक्षधर थे। आपातकाल के बाद कांग्रेस के विरोधी खेमे में जनसंघ भी शामिल रहा, लेकिन वैचारिक मतभेदों के चलते अलगाव हो गया, जिसके परिणामस्वरूप जनता पार्टी और बाद में लोकदल की नींव पड़ी। उनकी नीतियां किसानों, खेती, पशुपालन, ग्रामीण विकास और कुटीर उद्योग को बढ़ावा देने वाली रहीं। गोष्ठी में मनीराम वर्मा, अशोक यादव, राकेश यादव कोहार, राम प्रसाद यादव, राम बौरासी, दीपू तिवारी, मनीष कुमार, मनु पाल, कमलेश कुमार सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।कार्यक्रम की जानकारी समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजेश मिश्र ने दी।
