संग्रामपुरः ब्लॉक स्तरीय रबी उत्पादन गोष्ठी का आयोजन
December 29, 2025
संग्रामपुर/अमेठी। सोमवार को किसान सेवा केंद्र संग्रामपुर सभागार में कृषि वैज्ञानिक लाल पंकज सिंह की अध्यक्षता में ब्लॉक स्तरीय रबी उत्पादन गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी के माध्यम से किसानों की रबी फसलों जैसे गेहूं सरसों चना की पैदावार बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीकी वैज्ञानिक तरीके और सरकारी योजनाएं जिसमें प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के साथ संतुलित उर्वरक और खरपतवार प्रबंधन की जानकारी दी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कृषि वैज्ञानिक लाल पंकज सिंह ने बताया कि आज जिले के विकासखंड संग्रामपुर में कृषि विभाग द्वारा किसानों के बीच रबी की फसलों की नई और बेहतर किस्म की जानकारी देने के लिए उर्वरक प्रबंधन जिसमें समय पर संतुलित मात्रा में यूरिया, डीएपी सल्फर जैसे उर्वरक के प्रयोग के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने बताया खरपतवार नियंत्रण के लिए रासायनिक और जैविक तरीके बताए गए जिससे खरपतवार पर नियंत्रण किया जा सकता है। इसके साथ ही साथ सरकारी योजनाएं जैसे प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसान पारदर्शी योजना आदि की जानकारी भी दी गई। उन्होंने संगोष्ठी के माध्यम से किसानों को पराली ना जलाने और उसे पशु भोजन के रूप में उपयोग करने की सलाह दी। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के उत्कृष्ट किसान देवीशरण सिंह, राधेश्याम सिंह,अजय सिंह,महेश सिंह,सभाजीत शुक्ला, आदि सैकड़ो किसान इस कार्यक्रम के माध्यम से खेतों मे हो रही समस्याओं के बारे में बताया जिसका कृषि वैज्ञानिक द्वारा समाधान कराया गया। इस कार्यक्रम में कृषि विभाग के एडीओ कृषि संग्रामपुर चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, राजकीय कृषि गोदाम प्रभारी राम केदार निषाद,एल टी राजकुमार, पवन कुमार, आदि कृषि विभाग के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
