बाराबंकी । गोरखपुर से आधी रात अपने प्रेमी से मिलने मसौली थाना क्षेत्र के ग्राम शहाबपुर पहुंची 30 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। मंगलवार की भोर में प्रेमी के घर एक कमरे में उसका रक्तरंजित शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची मसौली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधीक्षक समेत अन्य आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर फॉरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य एकत्र किए हैं।मामला मसौली थाना क्षेत्र के ग्राम शहाबपुर का है, जहां हाइवे किनारे स्थित सिविल इंजीनियर संदीप यादव पुत्र कमलेश यादव के घर मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कमरे में उसकी प्रेमिका ममता पुत्री राजकिशोर निवासी संगम चैराहा, गोरखपुर का खून से सना शव पड़ा मिला। मृतका वात्सल्य पब्लिक स्कूल, गोरखपुर से जुड़ी बताई जा रही है। घटना की सूचना संदीप ने स्वयं पुलिस को दी। प्रभारी निरीक्षक अमित प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और उच्चाधिकारियों को अवगत कराया।
सूचना पाकर पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, अपर पुलिस अधीक्षक विकासचंद्र त्रिपाठी व क्षेत्राधिकारी रामनगर गरिमा पंथ फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और गहन जांच की। पुलिस ने मृतका के परिजनों को भी सूचना दे दी है।
बताया गया कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व संदीप और ममता की पहचान एक शादी डॉट कॉम व सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध गहरे हो गए। इस दौरान दोनों कई बार साथ होटल में भी ठहरे। पारिवारिक दबाव के चलते संदीप की चार मई को ग्राम धौकलपुर की एक युवती से शादी हो गई थी, जबकि ममता की शादी 26 जुलाई को हो चुकी थी, इसके बावजूद दोनों के बीच संपर्क बना रहा।
बताया जा रहा है कि बीती आधी रात ममता शहाबपुर पहुंची, जिस पर संदीप के माता-पिता और चारों बहनों ने कड़ा विरोध किया। संदीप द्वारा ममता को वापस भेजने का आश्वासन देने पर मामला शांत हो गया। मंगलवार सुबह शौच के लिए बाहर गया संदीप लौटकर आया तो ममता कमरे में नहीं मिली। बाद में एक बंद कमरे का ताला तोड़ने पर भीतर उसका शव पड़ा मिला। घटना के समय संदीप के पिता, माता और बहनें घर पर मौजूद नहीं थीं।पुलिस ने संदीप से पूछताछ शुरू कर दी है और हत्या के कारणों व भूमिका को लेकर सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। घटना को लेकर क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है।
