बाराबंकी: मोबाइल दुकान का शटर तोड़ लाखों की चोरी, कस्बे में दहशत
December 16, 2025
सिरौलीगौसपुर/बाराबंकी । बदोसरांय कस्बे के मुख्य चैराहे स्थित यादव मार्केट में अज्ञात चोरों ने एक मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर लाखों रुपये के मोबाइल फोन समेत करीब एक लाख रुपये की नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना से कस्बे के व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्राम किन्तूर निवासी अजमल अली यादव मार्केट में ‘अजमल अली टेलीकॉम’ नाम से मोबाइल की दुकान संचालित करता है। बताया गया कि सोमवार रात वह दुकान बंद कर एक शादी समारोह में चला गया था। मंगलवार सुबह आसपास के लोगों ने दुकान का शटर टूटा देखा तो इसकी सूचना दुकान मालिक को दी। मौके पर पहुंचे अजमल ने बदोसरांय पुलिस को जानकारी दी। सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार विद्यार्थी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कराई। दुकान से कुछ दूरी पर एक खेत में मोबाइल का खाली डिब्बा मिला, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्रित कराए। पीड़ित के अनुसार दुकान से करीब 15 लाख रुपये कीमत के मोबाइल और लगभग एक लाख रुपये नगद चोरी हुए हैं। घटना के बाद से क्षेत्र में पुलिस गश्त की प्रभावशीलता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
