Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

लखनऊ: सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने हेतु नगर निगम द्वारा बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया


लखनऊ। नगर आयुक्त  गौरव कुमार के निर्देशन में सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराए जाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत नगर निगम द्वारा एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव के निर्देशानुसार यह कार्रवाई ग्राम बिरूरा, तहसील सरोजनी नगर, जनपद लखनऊ में की गई, जहां लंबे समय से सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किया गया था।

सहायक नगर आयुक्तध्प्रभारी अधिकारी संपत्ति रामेश्वर प्रसाद तथा तहसीलदार नगर निगम अरविन्द पाण्डेय के आदेशों के क्रम में एवं नायब तहसीलदार तेजस्वी प्रकाश त्रिपाठी के निर्देशन में नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान नगर निगम लेखपाल संदीप कुमार की उपस्थिति में जेसीबी मशीन की सहायता से अस्थायी रूप से किए गए अवैध कब्जे को हटाया गया। यह कार्रवाई गुरुवार को शांतिपूर्ण एवं प्रभावी ढंग से संपन्न हुई।ग्राम बिरूरा स्थित खसरा संख्या 579 एवं 602 तालाब के खाते में दर्ज सरकारी भूमि पर लगभग 8000 वर्गफुट क्षेत्रफल में अवैध रूप से सड़क निर्माण कर कब्जा किया गया था। नगर निगम की कार्रवाई के दौरान उक्त सड़क को हटाकर पूरी भूमि को अतिक्रमणमुक्त करा लिया गया। इससे न केवल सरकारी संपत्ति को सुरक्षित किया गया, बल्कि भविष्य में होने वाले अवैध कब्जों पर भी रोक लगाने का स्पष्ट संदेश दिया गया।

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। नगर आयुक्त के निर्देशानुसार शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित नगर निगम में निहित सभी शासकीय भूमियों का चिन्हांकन कर उन्हें सुरक्षित किया जा रहा है।इसी क्रम में नगर निगम द्वारा ग्राम बिरूरा, सोनई कंजेहरा, हरिकंशगढ़ी तथा ग्राम सेवई में शासकीय भूमियों की सुरक्षा के लिए सूचना बोर्ड भी लगाए गए। विवरण के अनुसार ग्राम बिरूरा में 04 बोर्ड, सोनई कंजेहरा में 04 बोर्ड, हरिकंशगढ़ी में 01 बोर्ड तथा ग्राम सेवई में 06 बोर्ड स्थापित किए गए हैं। इन बोर्डों के माध्यम से यह स्पष्ट किया गया है कि संबंधित भूमि नगर निगम की संपत्ति है और उस पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण दंडनीय अपराध है।नगर निगम प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा न करें तथा यदि कहीं अतिक्रमण की जानकारी हो तो नगर निगम को सूचित करें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |