लखनऊ। शहर को अतिक्रमणमुक्त, स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से महापौर सुषमा खर्कवाल के निर्देशन में लालबाग क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ सघन अभियान चलाया गया। इस अभियान की विशेष बात यह रही कि महापौर स्वयं सड़कों पर उतरकर पूरे अभियान की निगरानी करती नजर आईं।
अभियान का नेतृत्व नगर आयुक्त गौरव कुमार ने किया। इस दौरान अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, जोनल अधिकारी जोन-1 ओपी सिंह, जोनल सेनेटरी ऑफिसर कुलदीपक सिंह, पार्षदगण सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। साथ ही शांति व्यवस्था एवं सहयोग के लिए 296 की टीम भी मौके पर मौजूद रही।
महापौर के निर्देशानुसार यह अतिक्रमण विरोधी अभियान स्मार्ट सिटी कार्यालय से प्रारंभ होकर शुभम सिनेमा, कैसरबाग चैराहा, पुराना एलडीए ऑफिस रोड, नावेल्टी सिनेमा रोड समेत पूरे लालबाग क्षेत्र में चलाया गया। अभियान के दौरान सड़कों पर किए गए अवैध अतिक्रमण, अस्थायी दुकानों और यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले सामान को हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान सड़क पर रिपेयर की जा रही दो गाड़ियों को नगर निगम द्वारा कब्जे में लिया गया। संबंधित वाहन स्वामियों के चालान काटे गए तथा जुर्माना वसूलने के बाद उन्हें सख्त चेतावनी देकर छोड़ा गया। इसके अतिरिक्त सड़क पर फैली रिपेयरिंग सामग्री, औजार, टेबल, कुर्सी समेत अन्य सामान को भी जब्त किया गया, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में असुविधा हो रही थी।
इसके साथ ही अभियान के दौरान क्षेत्र में गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। नगर निगम की टीम द्वारा मौके पर ही नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों से कुल पाँच हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
नगर आयुक्त गौरव कुमार ने बताया कि नगर निगम द्वारा ऐसे अतिक्रमण विरोधी एवं स्वच्छता अभियान आगे भी निरंतर चलाए जाएंगे। उन्होंने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की कि वे नियमों का पालन करें और शहर को सुंदर, स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने में नगर निगम का सहयोग करें।
