पीलीभीत। अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा के प्रथम स्थापना दिवस के अवसर पर महामंडलेश्वर एवं बरखेड़ा विधायक श्री श्री 1008 स्वामी प्रवक्तानंद महाराज को समाज का राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोनीत किए जाने से लोधी समाज में उत्साह और गर्व का माहौल है। जनपद पीलीभीत सहित आसपास के क्षेत्रों में समाज के लोगों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने महाराज को शुभकामनाएं एवं बधाइयां दीं।
लखनऊ के गोमती नगर स्थित सिटी मोंटेसरी स्कूल सभागार में आयोजित भव्य समारोह में यह घोषणा की गई। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, सांसद, मंत्री, विधायक व बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मंच से जैसे ही स्वामी प्रवक्तानंद महाराज के नाम की घोषणा हुई, सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
महामंडलेश्वर स्वामी प्रवक्तानंद महाराज संत परंपरा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों के प्रति सक्रिय भूमिका निभाने के लिए जाने जाते हैं। बरखेड़ा विधायक के रूप में उन्होंने क्षेत्र में विकास कार्यों, जनसमस्याओं के समाधान और सामाजिक समरसता को प्राथमिकता दी है। समाजसेवा, आध्यात्मिक चिंतन और जनकल्याण का उनका समन्वित दृष्टिकोण उन्हें विशिष्ट बनाता है।
राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाए जाने पर अपने संबोधन में स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने कहा कि यह पद उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने लोधी समाज को शिक्षा, संगठन और संस्कार के माध्यम से आगे बढ़ाने की बात कही। उन्होंने युवाओं से सामाजिक एकता, सकारात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
मनोनयन की खबर मिलते ही पीलीभीत जनपद में सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने स्वामी प्रवक्तानंद महाराज को बधाई दी। बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र में समर्थकों ने इसे पूरे समाज के लिए गौरव का क्षण बताया।लोगों का कहना है कि स्वामी प्रवक्तानंद महाराज जैसे संत-जनप्रतिनिधि का राष्ट्रीय प्रवक्ता बनना लोधी समाज को नई वैचारिक ऊर्जा देगा और समाज की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती प्रदान करेगा।
