मसौली/बाराबंकी। खेत की फसल को बचाने के लिए किसानों द्वारा खेतों के चारों ओर लगाई गई कंटीली बाड़ में एक नीलगाय फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गई। नीलगाय जितना निकलने का प्रयास कर रही थी, उतना ही वह तारों में उलझकर घायल होती जा रही थी।
शनिवार की भोर शौच के लिए गए अमदहा गांव के ग्रामीणों ने कंटीले तारों के बीच फंसी नीलगाय को देखा। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना गांव के गोसेवकों को दी। सूचना मिलते ही गोसेवकों की टीम मौके पर पहुंची और वन विभाग को अवगत कराया गया।
सूचना पर पहुंचे वन दरोगा श्याम लाल एवं वन दरोगा गिरजेश कुमार सिंह ने पशु चिकित्सालय मसौली के पैरावेट राजू यादव तथा गोसेवक उमाकांत व विशाल की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद नीलगाय को कंटीले तारों से सुरक्षित बाहर निकाला गया और मौके पर ही उसका उपचार कराया गया।
रेस्क्यू के दौरान वन कर्मी गिरजेश दैनिक वाचर शिवराम, एखलाक हुसैन सहित गांव के अन्य लोग भी मौजूद रहे। समय रहते किए गए रेस्क्यू से नीलगाय के प्राण बच सके।
