बीसलपुर। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बीसलपुर में उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस को सुशासन दिवस के रूप में गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की नोडल अधिकारी डॉ. पूर्णिमा भारद्वाज एवं सह-नोडल अधिकारी डॉ. जगदंबा कुमार के नेतृत्व में किया गया।
सुशासन दिवस के अवसर पर शासन द्वारा निर्देशित गतिविधियों के अंतर्गत एकल काव्य पाठ प्रतियोगिता एवं क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। एकल काव्य प्रतियोगिता का संचालन डॉ. जगदंबा कुमार ने किया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने राष्ट्र, समाज, सुशासन, नैतिक मूल्यों और भारतीय संस्कृति पर आधारित प्रभावशाली कविताओं का पाठ किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने भावपूर्ण अभिव्यक्ति और आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल द्वारा किए गए मूल्यांकन में अनुष्का भारती ने प्रथम, मीनाक्षी ने द्वितीय एवं राधिका जोशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसके उपरांत डॉ. पूर्णिमा भारद्वाज द्वारा क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें सामान्य ज्ञान, भारतीय राजनीति, अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन एवं शासन व्यवस्था से जुड़े प्रश्न पूछे गए। क्विज प्रतियोगिता में अंजलि प्रथम, अनुष्का द्वितीय एवं अदिति तृतीय स्थान पर रहीं।कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्या डॉ. दरख्शा, डॉ. पवन द्विवेदी, डॉ. चंद्रप्रभा, डॉ. रोहित पटेल सहित अन्य प्राध्यापकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर डॉ. दरख्शा ने विद्यार्थियों को आशीर्वचन देते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ छात्रों के सर्वांगीण विकास में सहायक होती हैं। परीक्षा अवधि के बावजूद बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति सराहनीय रही।
