लखनऊ। युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग द्वारा 77वें स्थापना दिवस का आयोजन 11 दिसम्बर 2025 को जेल रोड, आनन्द नगर स्थित महानिदेशालय के परेड ग्राउण्ड में किया गया।
मुख्य अतिथि श्री सुहास एल.वाई., सचिव, युवा कल्याण एवं खेल, उत्तर प्रदेश शासन ने पी.आर.डी. जवानों की रैतिक परेड का निरीक्षण कर मान-प्रणाम स्वीकार किया। स्वागत संयुक्त निदेशक (प्रशासन) श्री अशोक कुमार कनौजिया ने किया।
प्रदेश की कुल 11 प्लाटूनों ने शानदार प्रदर्शन किया। इनमें लखनऊ, बरेली, कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज, मेरठ जोन की प्लाटूनें, दो महिला प्लाटून और मुख्यालय की आपदा राहत प्लाटून शामिल थीं। परिणामस्वरूप महिला प्लाटून-1 ने 35 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, मेरठ ने 32 अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया तथा वाराणसी ने 29 अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिला प्लाटून-1 की कमाण्डर सुश्री संध्या शुक्ला, मेरठ की कमाण्डर सुश्री रानू धारीवाल और वाराणसी के कमाण्डर श्री आशुतोष गौतम रहे।
परेड संचालन परेड कमाण्डर श्री अनमोल सिंह (सीतापुर) ने किया, जिनका सहयोग परेड कमाण्डर द्वितीय सुश्री नम्रता श्रीवास्तव (उन्नाव) और परेड कमाण्डर तृतीय श्री राघवेन्द्र सिंह (कानपुर नगर) ने किया।
पी.आर.डी. ब्रास बैण्ड ने देशभक्ति की धुनों पर शानदार प्रस्तुति दी। महाकुम्भ-2025 में सराहनीय कार्य करने वाले 34 स्वयंसेवकों को प्रशंसा चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। रस्साकसी प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में गोरखपुर जोन प्रथम और लखनऊ जोन द्वितीय स्थान पर रहा।
विजेता प्लाटूनों के कमाण्डर्स को ट्रॉफी प्रदान की गई। विजेता जवानों को उप निदेशक श्री अजातशत्रु शाही ने पुरस्कार वितरित किए तथा ब्रास बैण्ड को उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु पाँच हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।
मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में पी.आर.डी. जवानों द्वारा थाना, यातायात एवं अन्य शासकीय-अर्द्धशासकीय संस्थानों में की जा रही ड्यूटी की सराहना की। उन्होंने कहा कि पी.आर.डी. प्रदेश की शान्ति एवं सुरक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहा है और जवानों को निरन्तर उन्नत प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
समारोह में उप निदेशक श्री आदित्य कुमार, श्री संजय कुमार सिंह, श्रीमती मेघना सोनकर, श्री संदीप कुमार सहित विभागीय अधिकारी, होमगार्ड्स एवं कारागार विभाग के अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।
